Azamgarh Car Accident: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। सभी की उम्र करीब 16 से 17 साल बताई जा रही है।
गणेश पंडाल की सजावट करने गए थे सभी
जानकारी के अनुसार, कार में कुल 9 लोग सवार थे। सभी फूलपुर कस्बे में गणेश पंडाल की सजावट का काम करने के बाद चाय पीने के लिए सरायमीर जाने निकले थे। सुबह करीब 4:30 बजे उनकी कार फूलपुर से सरायमीर की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार तेज थी, तभी रास्ते में कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से उसकी भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद कार क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया। जिसके बाद सभी को इलाज के लिए ताहिर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 17 वर्षीय सत्यम मोदनवाल, 17 वर्षीय निखिल मद्धेशिया और लकी सोनकर के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में सक्षम बरनवाल और अंश सोनकर समेत छह लोग शामिल हैं। इनमें से दो का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं सीओ फूलपुर किरण पाल सिंह ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार में कुल नौ लोग सवार थे। सुबह करीब 4:30 बजे कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन कार सवारों की मौत हुई है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
