Rajasthan Municipal Elections: राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में EVM की तकनीकी खराबी के कारण कुछ बूथों पर नतीजे अटक गए हैं। जिसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत के 10 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग कराने का फैसला किया है। इन बूथों पर 16 सितंबर को फिर से मतदान होंगे, जबकि 17 सितंबर को दोबारा पड़े वोटों की गिनती की जाएगी।
इन मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को री-पोल
आयोग के अनुसार नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या नौ के बूथ संख्या 111, वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 235, वार्ड संख्या 25 के बूथ संख्या 343, वार्ड संख्या 34 के बूथ संख्या 477 एवं 484, नगर निगम जोधपुर के वार्ड संख्या 50 के बूथ संख्या 338, नगर निगम कोटा के वार्ड संख्या 87 के बूथ संख्या 99, वार्ड संख्या 44 के बूथ संख्या 448, वार्ड संख्या 11 के बूथ संख्या 576 और नगरपालिका सुकेत के वार्ड संख्या चार के बूथ संख्या 05 पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।
EVM में तकनीकी खराबी के कारण दोबारा मतदान
आयोग को इन मतदान केंद्रों पर मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें मिली थीं। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं रिटर्निंग अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों की जांच की गई। जिसमें आयोग ने पाया कि इन मतदान केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के बीच मतों के अंतर से अधिक है। इसे देखते हुए आयोग ने दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है।
305 निकायों में अध्यक्ष पद का चुनाव 21-22 सितंबर को
आयोग के निर्देशानुसार इन मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा। पुनर्मतदान की मतगणना 17 सितंबर को सुबह आठ बजे से निर्धारित स्थान पर की जाएगी। इस बीच आयोग ने जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और सुकेत नगर पालिका को छोड़कर राज्य के बाकी सभी 305 नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के चुनाव की सार्वजनिक सूचना मंगलवार सुबह जारी कर दी। ये चुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 और 22 सितंबर को होंगे।
(इनपुट - भाषा)
