भोपाल

चमकेंगे लड्डू गोपाल और भगवान राम से जुड़े स्थान, एयर एंबुलेंस-हेलीकॉप्टरों से सीधे पहुंच सकेंगे आप

मध्य प्रदेश सरकार भगवान राम और कृष्ण से जुड़े स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेगी। चित्रकूट और ओरछा में लगभग 2,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य जारी है। ओरछा को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ एयर एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए हवाई पट्टी का निर्माण किया जाएगा।

Image

ओरछा राजा राम स्थान (फोटो-ट्विटर)

निवाड़ी : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार श्री राम वन गमन पथ और भगवान कृष्ण से जुड़े स्थानों को तीर्थ स्थलों के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पहले ही धन आवंटित कर दिया गया है। चित्रकूट और ओरछा में लगभग 2,200 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य जारी है। अभी तक प्रदेश के 11 जिलों के 25 स्थलों को ‘राम वन गमन पथ’ से जोड़ा गया है। ये वे स्थान हैं जहां वनवास के समय भगवान श्रीराम गए थे। इनमें सतना में चित्रकूट सहित कई स्थल पहले से श्रीराम के प्रवास के लिए जाने जाते हैं। कुछ ऐसी जगहें भी हैं जहां माना जाता है भगवान राम आए थे या रुके थे पर वे प्रसिद्ध नहीं हैं यानी कम ज्ञात हैं।

ओरछा का भव्य विकास प्लान

सीएम ने कहा कि श्री राम वन गमन पथ और भगवान कृष्ण से जुड़े जगहों को तीर्थ स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार ने फंड को मंजूरी दे दी है। उन्होंने निवाड़ी जिले के ओरछा में श्री राम राजा लोक के दूसरे चरण और अन्य विकास परियोजनाओं के लिए भूमि पूजन समारोह को संबोधित करते हुए ये घोषणाएं कीं। भगवान श्री राम का नाम ही काफी है। उनका नाम और गुण महान हैं। अपने गुणों, आचरण, अपने पिता के प्रति समर्पण और अपनी प्रजा की देखभाल के माध्यम से, राम सबसे सदाचारी भगवान श्री राम बने।’

इससे पहले मुख्यमंत्री ने ओरछा में श्रीराम राजा सरकार मंदिर के प्रांगण में पूजा-अर्चना की। ओरछा में मुख्य मंदिर के चारों ओर प्रस्तावित गलियारे, श्री राम राजा लोक के पहले चरण में स्वीकृत कार्यों का भी निरीक्षण किया। यादव ने घोषणा की कि निवाड़ी शहर को नगर परिषद का दर्जा देने के लिए समीक्षा की जाएगी।

ओरछा तक मिलेंगे एयर एंबुलेंस-हेलीकॉप्टर सेवा

सीएम ने कहा कि ओरछा को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ एयर एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए हवाई पट्टी का निर्माण किया जाएगा। अयोध्या और ओरछा के बीच संबंध 500 साल से अधिक पुराना है। ओरछा के बुंदेला शासक मधुकर शाह भगवान श्रीराम के भक्त थे। उनकी पत्नी और रानी कुंवरी गणेश 16वीं शताब्दी में भगवान राम को अयोध्या से ओरछा ले आई थीं।

न्यूज एजेंसी पीटीआई/भाषा के हवाले से सीएम ने निवाड़ी जिले के लिए 332.85 करोड़ रुपये की 21 से अधिक विकास परियोजनाओं की घोषणा की। इस मौके पर क्षेत्र के निवासियों के लिए नये सांदीपनी स्कूल और एक नये सरकारी महाविद्यालय का लोकर्पण किया गया। ओरछा में दिव्य कृपा से दिव्य एवं भव्य श्रीराम राजा लोक का निर्माण किया जा रहा है। आज श्रीराम राजा लोक के प्रथम चरण में 130 करोड़ रूपये के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से श्री राम राजा लोक के दूसरे चरण की आधारशिला रखी जा रही है। ऐतिहासिक स्मारकों और पुरातात्विक परिसर के संरक्षण की आधारशिला भी रखी जा रही है। श्री राम राजा लोक के निर्माण से ओरछा में धार्मिक और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र के विकास से रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article