शहर

दिल्ली के लाजपत नगर में बिल्डिंग के बेसमेंट में लगी भीषण आग, एक कर्मचारी की मौत; एक गंभीर रूप से झुलसा

राजधानी दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में आग लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया।

Image

लाजपत नगर आग

दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में बुधवार को एक बिल्डिंग के बेसमेंट में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है।

दरअसल, 18 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजकर 17 मिनट पर लाजपत नगर-2 के G-5 नंबर की बिल्डिंग में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने बिल्डिंग को खाली कराने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

वेल्डिंग कार्य के दौरान लगी आग

पुलिस के मुताबिक, बेसमेंट में मिलाना क्राफ्ट वर्क्स नाम से मीडिया हाउस का ऑफिस संचालित था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बेसमेंट में फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के सिलसिले में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे में गौरव नाम के कर्मचारी को बेसमेंट से निकालकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रेम सिंह शर्मा नाम का दूसरा कर्मचारी झुलस गया, जिसका ICU में इलाज चल रहा है।

स्थानीय निवासी अनिल कुमार माथुर के मुताबिक, हादसे के समय वह ऑफिस में थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो पुलिस, दमकल विभाग और RWA के सदस्य आग बुझाने और लोगों को बचाने में जुटे हुए थे। उन्होंने बताया कि बेसमेंट में वेल्डिंग का काम चल रहा था।

वहीं स्थानीय निवासी ललित डिंगरा ने बताया कि आग लगने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और RWA के सदस्य मौके पर पहुंचे और लोगों को बचाने की कोशिश की। हालांकि, आग बेसमेंट में होने के कारण अंदर जाना जोखिम भरा था।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है। वेल्डिंग का काम कराने वाले ठेकेदार को भी पूछताछ और सत्यापन के लिए बुलाया गया है। पुलिस बिल्डिंग मालिक, ठेकेदार और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है। आग लगने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

शाहनवाज खान की रिपोर्ट

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article