Indore Road Accident: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक कार और वैन के बीच टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हादसे में तीन लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
कार से टक्कराई तेज रफ्तार वैन
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर महू तहसील में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवले गांव के पास बुधवार देर रात में हुआ। हादसे के बाद वैन में आग लग गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महू से मानपुर की ओर जा रही कार रात लगभग 11.15 बजे विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार वैन से टकरा गई।
हादसे के बाद वैन में लगी आग
बडगोंडा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि टक्कर के बाद वैन में आग लग गई। अधिकारी के अनुसार, वैन के पिछले हिस्से में रखे पेंट के डिब्बों के कारण यह आग और तेजी से फैल गई। बाद में दमकल विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
अधिकारी ने बताया कि वैन में सवार दो लोग जलकर मर गए और कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि घटना में तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि चार मृतकों में से तीन की पहचान महू के मानपुर निवासी पलक (34), पड़ोसी धार निवासी कमलेश (20) और रवींद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
