भोपाल

भोपाल के सबसे सुरक्षित इलाके में पुलिस अफसर से लूट; आईजी से मोबाइल छीन भागे बदमाश, 3 गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खुफिया विभाग के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. आशीष का मोबाइल फोन लूट लिया गया। यह वारदात राजधानी भोपाल के चार इमली जैसे उच्च सुरक्षा क्षेत्र में हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

भोपाल में आईजी का मोबाइल छीना गया

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

IG Phone Snatching Case: भोपाल में एक हैरान कर देने वाली घटना आई है जहां मध्य प्रदेश के खुफिया विभाग (Intelligence Bureau) के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. आशीष से मोबाइल फोन छीनने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। यह वारदात बीते मंगलवार रात चार इमली क्षेत्र में उस समय हुई जब डॉ. आशीष अपनी पत्नी के साथ टहल रहे थे। मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उनके दो मोबाइल फोन छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

कैसे मिला आरोपियों का सुराग?

चार इमली को राजधानी के सबसे सुरक्षित इलाकों में से एक माना जाता है, जहां कई वरिष्ठ अधिकारी और राजनेता निवास करते हैं। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए हबीबगंज और टीटी नगर थानों की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय असामाजिक तत्वों से पूछताछ के बाद आरोपियों का सुराग दुर्गा नगर इलाके में मिला।

साइबर ट्रैकिंग तकनीक के जरिए आरोपियों तक पहुंच

थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार, पुलिस ने मुखबिरों की मदद और साइबर ट्रैकिंग तकनीक के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पकड़े गए आरोपियों में 18 वर्षीय आदित्य करंजिया और दो नाबालिग शामिल हैं, जिनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में लूट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया था, जबकि दूसरा फोन दुर्गा नगर के एक पार्क में जमीन में दबा हुआ मिला। साथ ही अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article