Bhopal Accident: भोपाल में मोती मस्जिद के पास सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। जिससे एक्टिवा सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसके दोस्त को हल्की चोटें आई। इस हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं कार सवार दो अन्य युवकों को राहगीरों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
चाय पीकर लौट रहे थे दोनों दोस्त
सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे 20 वर्षीय जैद मोहम्मद तुफैल अपने दोस्त के साथ चाय पीकर घर लौट रहा था। दोनों एक्टिवा पर सवार थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जैद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उसके साथी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
आरोपी चालक की तलाश कर रही पुलिस
तलैया थाने के प्रधान आरक्षक ब्रजपाल राजावत ने बताया कि पीड़ित जैद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कार का नंबर एमपी 04 सीक्यू 4409 है, और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे और सड़क सुरक्षा के महत्व को उजागर करती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
