बुरहानपुर : जिले के राजपुरा क्षेत्र में मकान निर्माण के लिए नींव खुदाई के दौरान एक प्राचीन कालीन इमारत का पता चला है। देखने से पता चला है कि यह इमारत अंदर से कई गुप्त रास्तों को भी जोड़ती है। उसमें अनाज भंडारण कक्ष भी बना हुआ है। साथ ही पुराने जमाने के दीवार अलमीरा भी बना हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह इमारत नुमा जगह कई वर्षों पहले निर्मित की गई होगी। आगे खुदाई से पता चलेगा अभी और कितने रहस्य जुड़े हैं। इससे जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।
बुरहानपुर के राजपुरा जड़िया वाड़ी क्षेत्र का मामला है। खुदाई में कमरानुमा जगह मिलने से स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से लोग उसे देखने के लिए पहुंच रहे हैं। फिलहाल, मकान मालिक ने जेसीबी से मिट्टी डालकर बंद कर दिया है। कमरा निकलने पर निगम के अफसर जांच करवाने की बात कह रहे हैं। मकान मालिक आनंद भगत का कहना है कि उन्होंने घर बनाने के लिए जेसीबी का सहारा लिया था। खुदाई के दौरान कमरा निकलना आश्चर्च वाली बात है। शायद पहले के जमाने में अनाज रखने के लिए ऐसे भंडारण कक्ष बनाए गए होंगे।
इतिहास के जानकारों के अनुसार बुरहानपुर एक प्राचीन शहर है। यहां अक्सर जमीन के खुदाई के दौरान कमरे और गुप्त रास्ते निकलते हैं। विगत कुछ दिनों पहले भी असीरगढ़ में खुदाई के दौरान सोने के सिक्के निकालने की अफवाह फैली थी। बुरहानपुर के आजाद नगर में मुगलकालीन अनाज का गोदाम भी निकाला था। इससे जुड़ी हकीकत क्या है ये पुरात्तव विभाग ही बता पाएगा।
