Bhind Accident News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार- मंगलवार की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार पिकअप की ट्रक से आमने-सामने से भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा एनएच-719 पर छीमका गांव के पास रात करीब एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के निवासी 29 मजदूर सवार थे। ये सभी मजदूर धान की रोपाई का काम पूरा करके लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने का इंतजाम किया। हादसे में ट्रक ड्राइवर समेत 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इन सभी लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
मवेशियों को बचाने की कोशिश में हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी मजदूर मध्य प्रदेश में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी एक पिकअप वाहन में बैठकर वापस अपने घर जा रहे थे। रात के समय जब पिकअप छीमका गांव के पास हाईवे पर पहुंची, तभी सड़क पर अचानक मवेशियों का झुंड सामने आ गया। पिकअप ड्राइवर ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया।
बताया जा रहा है कि बेकाबू पिकअप सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के गांवों से लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया।
कई घायलों को ग्वालियर किया गया रेफर
हादसे की सूचना पाकर गोहद चौराहा थाना पुलिस भी टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने कई घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद एनएच-719 पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े होने से गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
