शहर

भोजपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग करने वाला भरत तिवारी गिरफ्तार

भोजपुर में पुलिस पर फायरिंग करने और फेसबुक लाइव के जरिए प्रशासन को चुनौती देने वाले आरोपी भरत तिवारी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उसकी दोनों जांघों में गोली लगी। घायल आरोपी का आरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Image

Bihar encounter

Photo : Times Now Digital

Bhojpur Encounter: बिहार के भोजपुर जिले में बुधवार को पुलिस और एक आरोपी के बीच कई घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस पर फायरिंग करने और सोशल मीडिया पर लाइव आकर प्रशासन को चुनौती देने वाले भरत तिवारी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों जांघों में गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।

मानसिक रूप से रोगी बताया गया आरोपी

जानकारी के मुताबिक, भरत तिवारी रिटायर्ड चालक सिपाही काशीनाथ तिवारी का बेटा है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस के अनुसार, भरत तिवारी पर एक दिन पहले पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तानने का आरोप लगा था। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

फेसबुक लाइव से ललकार, फिर एनकाउंटर

बुधवार सुबह जब पुलिस टीम भरत की गिरफ्तारी के लिए बिलौटी गांव पहुंची तो आरोपी ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगा। बताया जा रहा है कि पुलिस ने गांव को चारों ओर से घेर रखा था। इसके बावजूद आरोपी खेतों की ओर भाग निकला और लगातार पुलिस को चुनौती देता रहा। इस दौरान वह फेसबुक लाइव भी कर रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने उसे कई बार सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने बात नहीं मानी। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस और आरोपी के बीच फिर से मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में भरत तिवारी की दोनों जांघों में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर पहले शाहपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद अब उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article