महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव शहर में बायपास रोड पर बिजली का काम करते समय करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें करंट लगते ही मजदूर कुछ ही सेकंड में नीचे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है है। इस घटना में एक अन्य मजदूर बाल-बाल बच गया।
DP लगाने के दौरान लगा जोरदार करंट
जानकारी के मुताबिक, माजलगांव बायपास रोड पर चौस के अस्तबल के सामने DP लगाने का काम चल रहा था। जिसके लिए चार मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर करीब एक बजे काम के दौरान 32 वर्षीय शेख आवेज पाशा देशमुख को अचानक बिजली का तेज झटका लगा। करंट लगने के तुरंत बाद वह नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पांच सेकंड में हुआ पूरा हादसा
हादसे का CCTV वीडियो सामने आने के बाद घटना की गंभीरता सामने आई है। बताया जा रहा है कि बिजली का झटका लगने के कुछ ही सेकंड के अंदर ही मजदूर नीचे गिर गया। वहीं, पास में काम कर रहा एक अन्य मजदूर भी करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में माजलगांव सिटी पुलिस स्टेशन में बिजली बोर्ड के असिस्टेंट इंजीनियर, संबंधित लाइनमैन, बिजली काम के कॉन्ट्रैक्टर धैर्यशील भागवत ठोंबरे और सुपरवाइजर दयानंद नामदेव कांबले के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
परमिट को लेकर भी उठे सवाल
बताया गया कि DP लगाने का काम कॉन्ट्रैक्टर को दिया गया था और सुपरवाइजर के मुताबिक काम के लिए शाम 4 बजे तक का परमिट मिला था। इसी दौरान दोपहर में हादसा हो गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों और बिजली आपूर्ति से जुड़ी तय प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।
