Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में झंडा चढ़ाने जा रहे श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, अन्य 15 श्रद्धालु घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। साथ ही मृतक के शव को मोर्चरी में रखा गया है।
मधुमक्खियों का हमला
जानकारी के अनुसार, इटावा जनपद के जसवंत नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला नया से चलकर पिलुअन मंदिर झंडा चढ़ाने जा रहे श्रद्धालुओं पर सिंघावली बैंक के पास मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा था, जिसमें जेनरेटर का धुआं घुसने से मधुमक्खियां के झुण्ड ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया
हमले में एक की मौत
बताया जा रहा है कि मधुमक्खियों के हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में सभी का इलाज किया जा रहा है। घायल होने वालों में महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं।
घायलों का इलाज जारी
इधर, लोगों का आरोप है कि घटना के एक घंटे बाद भी पुलिस-प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया और ना ही कोई पुलिस विभाग से संबंधित कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल के चिकित्सक का कहना है कि मधुमक्खियों द्वारा हमले करने के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है, जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
