मुंबई

मधुमक्खियों का हमला, दो लोगों की गई जान, 4 अस्पताल में भर्ती

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 9, 2023, 04:57 PM IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में मधुमक्खियों के झुंड ने कई लोगों पर हमला किया। उसके डंसने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए।

Image

मधुमक्खियों के हमले में दो लोगों की मौत

चंद्रपुर (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में मधुमक्खियों के झुंड के हमले में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। एक वन अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि घटना शनिवार रात नागभीड़ तहसील के सतबहिनी में हुई। ब्रह्मपुरी मंडल के एक वरिष्ठ वन अधिकारी ने बताया कि घटना में छह महीने के बच्चे सहित चार घायलों का इलाज नागपुर में हो रहा है।

अधिकारी के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब शाम के वक्त छह लोगों का एक समूह सतबहिनी मंदिर में दर्शन के लिए गया था, तभी मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।

ब्रह्मपुरी मंडल के सहायक वन अधिकारी के आर धोंडाने ने बताया कि घटना के बाद दो लोग लापता हो गए। पुलिस की तलाशी के दौरान एक व्यक्ति मृत पाया गया, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

अधिकारी ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले के मद्देनजर शाम ढलने के बाद मंदिर में पर्यटकों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और इलाके में एक चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया है।

End of Article