Barabanki Bahraich 4 Lane Highway : उत्तर प्रदेश में हाईवे और एक्सप्रेसवे निर्माण की प्रक्रिया तेज हैं। पुराने हाईवे चौड़ीकरण और नए के निर्माण को लेकर परियोजनाएं मंजूर की जा रही हैं। इस क्रम में बाराबंकी से बहराइच के बीच 6,969.04 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-927 के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। 101.51 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक केंद्रों को निर्बाध संपर्क सुविधा प्रदान करना है। मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) ने हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (एचएएम) के तहत 6,969.04 करोड़ रुपये की लागत से बाराबंकी से बहराइच तक नियंत्रित पहुंच के साथ चार लेन वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-927 के निर्माण को मंजूरी दी है।
बाराबंकी-बहराइच हाईवे की लागत कितनी है?
इस परियोजना में लगभग 3,485.49 करोड़ रुपये की निर्माण लागत और भूमि अधिग्रहण के लिए अतिरिक्त 1,574.85 करोड़ रुपये शामिल हैं। हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल है। इसमें निर्माण के दौरान 40 प्रतिशत सरकारी वित्तपोषण और 60 प्रतिशत निजी निवेश शामिल होता है। इस परियोजना से 36.54 लाख प्रत्यक्ष कार्यदिवस और 43.04 लाख अप्रत्यक्ष कार्यदिवस के नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
बाराबंकी-बहराइच सड़क मार्ग को आधुनिक बनाये जाने से बाराबंकी और बहराइच जिलों के शहरी क्षेत्रों में मौजूद सड़क से जुड़ी खामियों और भीड़भाड़ की समस्या का समाधान होगा। साथ ही यह परियोजना यात्रा की औसत गति बढ़ाएगी, यात्रा समय को लगभग एक घंटे तक कम करेगी और सड़क सुरक्षा, ईंधन दक्षता और वाहन परिचालन लागत में सुधार करेगी।
