Bahraich Road Accident: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब 17 लोग घायल हो गए, जिनमें 3 से 4 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बस लखनऊ से बहराइच के रुपईडीहा जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। हालांकि अभी तक हादसे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बस में सवार थे 35 यात्री
यह घटना थाना हरदी क्षेत्र के गदामार गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस लखनऊ से यात्रियों को लेकर रुपईडीहा जा रही थी। बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। इसी दौरान गदामार गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - 'गवाहों ने नहीं पहचाना'...इलाहाबाद हाईकोर्ट ने राजू पाल मर्डर केस के दोषी आबिद को दी जमानत
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। साथ ही पुलिस को भी हादसे की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला और तुरंत एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा।
हादसे के कारणों की जांच जारी
इस हादसे में घायल हुए 17 लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। जिनमें से 3-4 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं अन्य घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
