Bagpat News: ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के शिपमेंट में चोरी और हेराफेरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का बागपत पुलिस ने खुलासा किया है। बड़ौत पुलिस, सर्विलांस और SWAT बागपत की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अलग-अलग कंपनियों के 42 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, ईस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने 13 सितंबर को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कंपनी ने आरोप लगाया था कि बड़ौत, बागपत और खेकड़ा हब से जुड़े शिपमेंट में करीब डेढ़ साल से चोरी, हेराफेरी, विश्वासघात और धोखाधड़ी की जा रही थी। इस पूरे मामले में कंपनी को करीब 77 लाख 6 हजार 583 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।
चुनिंदा शिपमेंट को करते थे गायब
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी फ्लिपकार्ट और दूसरे ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से ऐसे पते पर सामान मंगवाते थे, जो उनके डिलीवरी हब के क्षेत्र में आता था। पार्सल हब पहुंचने के बाद आरोपी चुनिंदा शिपमेंट को CCTV कैमरों की नजर से बचाकर गायब कर देते थे। इसके बाद सिस्टम और ई-मेल रिकॉर्ड में इन पार्सलों को अप्राप्त या शॉर्ट ऑर्डर के रूप में दर्ज कर दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी हब की पूरी कार्यप्रणाली से अच्छी तरह वाकिफ थे। गिरफ्तार आरोपी आशीष चौधरी पहले हब इंचार्ज के पद पर काम कर चुका था, इसलिए उसे शिपमेंट की आवाजाही और हब की प्रक्रिया की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर डिलीवरी वाहनों से हब तक शिपमेंट पहुंचने या उन्हें अनलोड किए जाने के दौरान चुनिंदा पार्सल गायब किए जाते थे।
आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू
CCTV कैमरों से बचने के लिए आरोपी शिपमेंट कंटेनर और बैग आदि को इस तरह रखते थे कि कैमरे का दृश्य बाधित हो जाए। इसके बाद चोरी किए गए मोबाइल फोन और अन्य सामान को देहरादून, हरिद्वार और रुड़की समेत दूसरे शहरों में बेच दिया जाता था। पुलिस ने इस मामले में हिमांशु पुत्र सोमपाल निवासी आजाद नगर, बड़ौत, अभिषेक पुत्र जोगेंद्र निवासी हाथी करौंदा, थाना बाबरी, शामली और अनिल पुत्र इंद्रपाल निवासी नया गांव, थाना कोतवाली बागपत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामद मोबाइल फोन का विवरण:
- Apple iPhone - 8
- Samsung - 8
- Google Pixel - 5
- Motorola - 7
- OnePlus - 2
- Realme - 4
- Oppo - 1
- AI - 3
- iQOO - 1
- Vivo - 3
