Badrinath Highway Closed: उत्तराखंड में इन दिनों भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण की इलाकों में लैंडस्लाइड के कारण सड़कें बंद हैं। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर भी भूस्खलन के कारण भारी मात्रा में मलबा रोड पर आ गया है। जोशीमठ के पास भनेरपानी में मलबा आने से बदरीनाथ नेशनल हाईवे बंद हो गया।
इससे पहले कल यानी बुधवार 10 जुलाई को बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर ही पाताल गंगा लांग्सी टनल के पास बड़ा भूस्खलन हुआ। भूस्खलन की वजह से यहां राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया। समचार एजेंसी ANI से बात करते हुए चमोली जिले के डीएम हिमांशु खुराना ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे-07 मलबा आने के कारण बंद है।
उन्होंने जानकारी की दि भनेरपानी में सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ गया, जिसके कारण नेशनल हाईवे बंद है। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि इस रूट को पैदल यात्रियों के लिए खोल दिया गया है। लेकिन वाहनों की आवाजाही अब भी इस रूट पर नहीं हो रही है।
डीएम ने बताया कि बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO), जिला प्रशासन की टीम के साथ मिलकर इस नेशनल हाईवे को खोलकर वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। पूरे उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन हुआ है।
बता दें कि इससे पहले 5 जून को भी चमोली जिले में बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर दो जगहों पर सड़क पर मलबा आने के कारण कई घंटों तक सड़क बंद रही थी। स्थानीय पुलिस और प्रशासन लगातार नेशनल हाईवे पर नजर रखे हुए है और कहीं पर भी मलबा आने पर तुरंत उसे हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
