Badaun Encounter: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से एक दारोगा और एक सिपाही भी घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ ढालू के रूप में हुई। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे पकड़ने के लिए लगातार तलाशी की जा रही थी। बुधवार देर रात पुलिस को उसके इलाके में होने की पुख्ता सूचना मिली। इसके बाद टीम ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र में प्रस्तावित नई जेल के आसपास घेराबंदी कर उसे पकड़ने की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि जब आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें जितेंद्र गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक दारोगा और एक सिपाही को भी गोली लगी। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों की स्थिति स्थिर है।
कई जिलों में वांछित अपराधी था जितेंद्र
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र उर्फ ढालू जिले का कुख्यात अपराधी था। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। उसके खिलाफ लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक केस दर्ज थे। बदायूं के अलावा गौतमबुद्धनगर, अमरोहा समेत कई जिलों में भी उसका आपराधिक नेटवर्क फैला हुआ था। थाना इस्लामनगर क्षेत्र में हुई कई डकैतियों में भी उसकी भूमिका सामने आई थी, उसे गिरोह का सरगना माना जाता था।
पुलिस ने घटनास्थल से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के गिरोह से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।
