शहर

15 हजार की सैलरी, लेकिन करोड़ों की संपत्ति! राम मंदिर केस में आरोपी अनुकल्प मिश्रा पर बड़े खुलासे

अयोध्या राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले में मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा की संपत्तियों को लेकर नए खुलासे हुए हैं। जांच में 60 लाख रुपये का फ्लैट, बसावा गांव में फार्म हाउस और एक महिंद्रा एसयूवी की बुकिंग की जानकारी सामने आई है। उसकी आय के स्रोत और अन्य संपत्तियों की जांच जारी है।

Image

अयोध्या राम मंदिर (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Ayodhya Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में जांच के दौरान हर रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा की संपत्ति को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट में महज 15 हजार रुपए महीने की नौकरी करने वाले 22 साल के अनुकल्प मिश्रा ने पिछले दो सालों में करोड़ों रुपए की संपत्ति जुटाई थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगा रहीं हैं कि इतनी संपत्ति के लिए धन कहां से आया।

60 लाख का फ्लैट और फार्म हाउस जांच के दायरे में

पुलिस और राजस्व विभाग की प्रारंभिक जांच में आरोपी अनुकल्प मिश्रा की कई लग्जरी संपत्तियों का पता चला है। सूत्रों के अनुसार, अनुकल्प ने पिछले साल फैजाबाद इलाके में करीब 60 लाख रुपये की कीमत का एक आलीशान फ्लैट खरीदा था। इसके अलावा अयोध्या के इनायत नगर के बसावा गांव में एक फार्म गाउस भी बनवाया था। यह फॉर्म हाउस करीब 10 बिस्वा जमीन पर बना हुआ है, जहां गाएं भी बंधी हुई हैं। फिलहाल यहां अनुकल्प के दादा रहते हैं।

फॉर्म हाउस में हुई थी रामकथा, शामिल हुए थे चंपत राय

इस मामले में एक और दिलचस्प बात सामने आई है। इसी साल 30 अप्रैल को अनुकल्प ने अपने इस नए फॉर्म हाउस पर 'रामकथा' का आयोजन कराया था। इस धार्मिक आयोजन में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल राव भी शामिल हुए थे। फिलहाल, राजस्व विभाग (Revenue Department) की टीम इस फॉर्म हाउस पर की जांच कर रही है। हालांकि, अनुकल्प के दादा का दावा है कि यह फॉर्म हाउस उनकी पुश्तैनी जमीन पर बना है और इसका राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी विवाद से कोई संबंध नहीं है।

महिंद्रा SUV गाड़ी भी की थी बुक, जांच जारी

जांच का दायरा सिर्फ जमीन और फ्लैट तक ही सीमित नहीं है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अनुकल्प ने हाल एक महंगी महिंद्रा SUV गाड़ी भी बुक कराई थी, जिसकी डिलीवरी होनी बाकी थी। अब पुलिस टीम और जांच एजेंसियां अनुकल्प और उसके करीबियों के बैंक खातों, लॉकरों और अन्य गुप्त संपत्तियों को खंगाल रही है। साथ ही उसके आय के स्त्रोतों की भी जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!