शहर

सरकार है या मजाक? : 17 दिनों में 20 रुपये बढ़े चीनी के दाम, इथेनॉल के चक्कर में सब बर्बाद; केजरीवाल ने केंद्र पर कसा तंज

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने इथेनॉल नीति को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि गन्ने को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने से चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ा, जिससे आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है।

Image

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल

दिल्ली : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गन्ने से इथेनॉल (Ethanol) उत्पादन और चीनी की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने और विदेशी मुद्रा (Foreign Exchange) बचाने की नीति के चलते गन्ने की उपलब्धता प्रभावित हुई, जिसका असर चीनी के उत्पादन और कीमतों पर पड़ रहा है। कहा कि महज 17 दिनों के भीतर चीनी की कीमत में 20 रुपये का इजाफा हुआ है, जो त्योहार के समय 'आम आदमी' की जेब पर असर डाल रहा है। तंज कसते हुए कहा कि 'मोदी सरकार है या फिर अनपढ़ सरकार!

केजरीवाल ने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों में चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि करीब 17 दिन पहले चीनी की कीमत 46 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। केजरीवाल ने कहा कि भारत पहले चीनी का निर्यात करने वाले देशों में शामिल रहा है, लेकिन अब चीनी के आयात की स्थिति बन रही है। उन्होंने केंद्र की इथेनॉल नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर पेट्रोल के आयात पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा बचाने के लिए गन्ने को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ा गया, तो चीनी की घरेलू जरूरत कैसे पूरी होगी, इस पर भी विचार किया जाना चाहिए था।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को किसी भी फैसले के व्यापक असर के बारे में पहले सोचना चाहिए। केजरीवाल के मुताबिक, इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहनों के माइलेज और इंजन पर असर पड़ने की शिकायतें सामने आती हैं और दूसरी ओर चीनी महंगी होने से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

केजरीवाल ने अपने बयान में नोटबंदी और कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार के फैसलों का भी जिक्र किया। उन्होंने नोटबंदी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे देश को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। वहीं, कोरोना काल में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के बजाय ताली और थाली बजाने पर जोर दिया गया। लिहाजा ऐसे में लगता है कि ऊपर से नीचे तक सब के सब अनपढ़ की फौज बिठा रखी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article