शहर

Prayagraj News: जलमग्न प्रयागराज को लेकर अखिलेश का योगी सरकार को तंज, बोले- नाम बदलने से हालात नहीं बदलते

Prayagraj News: प्रयागराज में भारी बारिश और जलभराव को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को जमीनी राहत देने के बजाय सरकार केवल 'हवा-हवाई' सर्वे कर रही है।

Image

अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Prayagraj News: संगमनगरी प्रयागराज में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। शहर की इस स्थिति को लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शहर के जलमग्न इलाकों की तस्वीरों का हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रयागराज में हजारों घरों के पानी में डूबने के बाद भी सरकार जमीनी हकीकत का सामना करने के बजाय केवल 'हवा-हवाई' सर्वे कर रही है।

अखिलेश ने सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर प्रयागराज के जलमग्न इलाकों का वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने सरकार की विकास नीतियों और वित्तीय खर्चों पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि, "ये है प्रयागराज के गंभीर हालात। कोई और हो तो 1 लाख करोड़ प्रयागराज के विकास के नाम पर डकार जाने के बाद, वहां के हजारों घरों का ये जलमग्न हाल देखकर शर्मिंदगी से सत्ता ही छोड़ दे।"

‘नाम बदलने से कुछ नहीं होता’

सपा प्रमुख ने शहरों के नाम बदलने की राजनीति पर तंज कसते हुए कहा कि केवल नाम बदलने से जमीनी हकीकत नहीं बदलती। बदलने की जरूरत सरकार के भ्रष्ट काम और नीयत को थी, जो अब संभव नहीं दिख रही। अखिलेश यादव ने पोस्ट में कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए जनता जल्द फैसला करेगी। उन्होंने भाजपा के दोबारा सत्ता में नहीं लौटने का भी दावा किया।

बाढ़ के हवाई सर्वे पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वे को लेकर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सिर्फ हवाई सर्वे करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और सरकार को चुनौती दी कि वे जमीन पर उतरकर प्रभावित लोगों का सामना करें। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रयागराज में विकास और छवि निर्माण के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ रहा है।

सरकार के खर्च पर उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार ने खुद को 'दिव्य' दिखाने के लिए लिखा-पढ़ी में 7-8 हजार करोड़ और बिना लिखा-पढ़ी के बीसों हजार करोड़ रुपये सिर्फ अपनी पीआर और छवि निर्माण में पानी की तरह बहाए हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत देखकर सरकार को पता चल जाएगा कि इस खर्च से जनता के बीच उसकी क्या छवि बनी है।

गौरतलब है कि लगातार बारिश के बाद प्रयागराज के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई घरों के अंदर और सड़कों पर पानी भर आया है। जिस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article