शहर

अयोध्या में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय हाउस अरेस्ट, सांसदों के राम मंदिर जाने से पहले बड़ा एक्शन

राम मंदिर में दान के कथित गबन को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेगा। दौरे से पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को एक होटल में हाउस अरेस्ट किया गया है। प्रतिनिधिमंडल में कई सांसद और पूर्व विधायक भी शामिल हैं।

Image

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अयोध्या में हाउस अरेस्ट

Photo : Times Now Digital

Congress Delegation Ayodhya Visit: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के अयोध्या दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। उन्हें अयोध्या के होटल पद्म श्री पैलेस में रोका गया, जहां से उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। अजय राय कांग्रेस के सांसदों और विधायकों के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के लिए अयोध्या पहुंचे थे। इसी दौरान प्रशासन ने उन्हें नजरबंद कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।

'चढ़ावा चोरों' के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई- रीना राय

अजय राय की पत्नी रीना राय ने आरोप लगाया कि उनके पति की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार हर सीमा पार करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि पुलिस अजय राय को जीप में बैठाकर ले गई और अब पार्टी के सहयोगियों को गलत जानकारी देकर गुमराह किया जा रहा है। रीना राय ने कहा कि "हमारी लड़ाई 'चढ़ावा चोरों' के खिलाफ जारी रहेगी। अगर मेरे पति को कुछ भी होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।"

कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल करेगा रामलला के दर्शन

मंगलवार को कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेगा। इस दल में सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व एमएलसी शामिल हैं। तिनिधिमंडल में अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर के सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह और बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया समेत कुल नौ सदस्य शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल के साथ बाराबंकी के पूर्व सांसद एस.पी. गौतम, विधान परिषद के पूर्व सदस्य दीपक सिंह, महाराजगंज के पूर्व विधायक वीरेंद्र चौधरी और बाराबंकी की पूर्व विधायक मीता गौतम भी मौजूद रहेंगी। पार्टी ने प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article