शहर

जयपुर में AIAPGET में गड़बड़ी पर NTA का एक्शन, 49 अभ्यर्थियों की दोबारा होगी परीक्षा; क्या था पूरा मामला

जयपुर के श्री सत्य साईं कॉलेज में AIAPGET ऑनलाइन परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने से अभ्यर्थियों का पेपर प्रभावित हुआ। छात्रों ने पावर बैकअप की कमी, कथित नकल और अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए परीक्षा दोबारा कराने की मांग की। अब एनटीए ने दोबारा परीक्षा कराने पर मान गया है।

Image

जयपुर में AIAPGET Exam में बड़ा बवाल

जयपुर : ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट टेस्ट (AIAPGET) 2026 को लेकर जयपुर में विवाद खड़ा हो गया है। श्री सत्य साईं PG कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर ऑनलाइन परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने के बाद अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। इसी दौरान परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कुछ अभ्यर्थियों ने पेपर लीक और प्रश्नों के आपस में साझा किए जाने का आरोप लगाया। मामले के तूल पकड़ने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है।

NTA के मुताबिक, AIAPGET परीक्षा 22 अगस्त 2026 को पहली शिफ्ट में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए देशभर में 36,979 उम्मीदवार रजिस्टर्ड थे, जिनमें से 35,837 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कुल 35,788 उम्मीदवारों की परीक्षा पूरी हो गई, जबकि जयपुर के श्री सत्य साईं PG कॉलेज केंद्र पर परीक्षा दे रहे 192 अभ्यर्थियों में से 49 उम्मीदवार बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर सके।

परीक्षा के बीच बिजली गुल पर उठे सवाल

अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद ही केंद्र पर बिजली चली गई। ऑनलाइन परीक्षा होने के बावजूद पर्याप्त पावर बैकअप उपलब्ध नहीं होने के कारण कई कंप्यूटर बंद हो गए और अभ्यर्थियों की परीक्षा बाधित हो गई। मामले को लेकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि परीक्षा के दौरान पावर सप्लायर की सर्विसिंग की जा रही थी। इससे परीक्षा केंद्र की तैयारियों और जिम्मेदार एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए।

पेपर लीक और नकल के आरोपों से बढ़ा विवाद

बिजली जाने के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रभावित होने के दौरान कुछ छात्रों को प्रश्नों पर चर्चा करने का मौका मिला। अभ्यर्थियों का दावा है कि इस स्थिति में परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता प्रभावित हुई। इसी आधार पर परीक्षा में पेपर लीक और कथित नकल के आरोप भी लगाए गए।

अभ्यर्थियों का कहना था कि यदि कुछ छात्रों को प्रश्नों पर चर्चा करने या परीक्षा से जुड़ी जानकारी साझा करने का मौका मिला है, तो सभी उम्मीदवारों के लिए समान अवसर नहीं रह जाता। इसी वजह से प्रभावित अभ्यर्थी परीक्षा को दोबारा कराने की मांग कर रहे थे। NTA ने अपने बयान में कहा कि जयपुर के संबंधित केंद्र पर परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी M/S Eduquity Career Technologies Private Limited की ओर से बिजली संबंधी समस्या के कारण 49 उम्मीदवार परीक्षा पूरी नहीं कर सके। NTA ने प्रभावित उम्मीदवारों को हुई परेशानी के लिए खेद भी जताया है।

NTA ने स्पष्ट किया है कि इन 49 अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर में आयोजित की जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों को नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनमें परीक्षा से जुड़ी आगे की जानकारी उपलब्ध होगी। फिलहाल, जयपुर परीक्षा केंद्र पर लगे पेपर लीक और कथित नकल के आरोपों को लेकर अभ्यर्थियों के बीच नाराजगी बनी हुई है। वहीं, दोबारा परीक्षा कराने के NTA के फैसले के बाद प्रभावित उम्मीदवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article