Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में योगी की फोर्स ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने टापा खुर्द के जंगलों में एक इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। बदमाश लंबे समय से वांछित था और पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई थी। बदमाश की पहचान संदीप उर्फ कुलदीप उर्फ छोवा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी यूपी के एटा जिले के जलेसर का निवासी है। बदमाश पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह काफी समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर बदमाश के ठिकाने के बारे में पता लगा। उसके बाद पुलिस उसे पकड़ने के लिए पहुंची और मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस एनकाउंटर में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात थाना उत्तर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यह हिस्ट्रीशीटर बदमाश टापा खुर्द के जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तुरंत एक्शन लिया और इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा हुआ देख बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक, एक देशी कट्टा और कई कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
कई संगीन मामलों में था वांछित
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश संदीप उर्फ कुलदीप पर आधा दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से कई अनसुलझे मामलों को सुलझाने में मदद मिलेगी। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
