आगरा : यौन उत्पीड़न के आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पार्थ की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। हाल ही में उसकी आखिरी लोकेशन आगरा में मिली है, जिसके बाद आगरा पुलिस भी जांच में जुट गई है। स्वामी चैतन्यानंद पर उड़ीसा और दिल्ली में छेड़खानी के मामले दर्ज हैं, जिसमें कई छात्राओं ने कोर्ट में बयान दिए हैं।
खुद को बताता है स्वयंभू
दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला कि चैतन्यानंद की आखिरी लोकेशन आगरा है, जिसके बाद आगरा पुलिस ने भी अपनी जांच शुरू की है। स्वामी चैतन्यानंद, जिसे पार्थसारथी के नाम से भी जाना जाता है, एक स्वयंभू आध्यात्मिक गुरु हैं और दिल्ली के एक निजी इंजीनियरिंग संस्थान के पूर्व निदेशक हैं। उन पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है।
कुल 17 छात्राओं ने उन पर गाली-गलौज, अश्लील मैसेज भेजने और शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िताओं ने यह भी कहा कि कुछ संकाय और प्रशासनिक कर्मचारियों ने उन पर आरोपी की मांगें मानने का दबाव डाला। दिल्ली पुलिस चैतन्यानंद की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर छापे मार रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। रिपोर्टों के अनुसार, स्वामी चैतन्यानंद गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदल रहा है।
