Mathura News: उत्तर प्रदेश में मथुरा जंक्शन पर सोमवार को एक बूढ़े भिखारी का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी कि लावारिस पड़े शव के सामान की जब तलाशी ली गई तो उसमें से 91 हजार रुपये से अधिक की नकदी मिली। पुलिस के अनुसार भिखारी की शिनाख्त का प्रयास जारी है और शव को कानून के मुताबिक पहचान की आशा में 72 घंटे के लिए दावेदार के इंतजार में शवगृह में रखवा दिया गया है।
राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) थाना प्रभारी यादराम सिंह ने बताया कि मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर एक भिखारी लावारिस अवस्था में मृत पड़ा मिला। कैंटीन पर काम करने वालों का कहना था कि वह लंबे समय से प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाले यात्रियों से भीख मांग कर गुजारा करता था। वह संभवत: कुछ दिन से बीमार चल रहा था, जिसके चलते सोमवार को उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि जब पंचनामा भरने से पूर्व उसके सामान की तलाशी ली गई, तो एक पालीथिन की थैली से 91,070 रुपये की नकदी और रेजगारी मिली। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उसकी फोटो आसपास के जनपदों के थानों व लावारिस लोगों के संबंध में सूचना देने वाली वेबसाइटों पर भेजी गयी है और शव को शवगृह में रखवा दिया गया है।
मामले के जांच अधिकारी उप निरीक्षक शिवपाल सिंह ने बताया कि थैली में नोटों के साथ पंजाब नेशनल बैंक की एक पर्ची मिली है, जिससे उसके खाते की पहचान कर उसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जिसमें सिम कार्ड नहीं था।
(इनपुट-भाषा)
