आगरा

Hema Malini Interview: 'तीसरी बार जीत को लेकर आश्वस्त', श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर क्या बोलीं हेमा मालिनी?

  • Agency by: IANS
  • Updated Apr 25, 2024, 01:02 PM IST

Hema Malini Interview: मथुरा की सांसद हेमा मालिनी तीसरी बार जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि अब और ज्यादा मथुरा क्षेत्र का विकास होगा। साथ ही उन्होंने कई मुद्दों पर बातचीत की। पढ़े उनके साथ बातचीत।

Image

हेमा मालिनी।

Photo : Times Now Digital

Hema Malini Interview: हिंदी फिल्मों की लंबी पारी खेलने के बाद राजनीति में आने वाली प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी तीसरी बार मथुरा से चुनाव मैदान में हैं। वह भाजपा से प्रत्याशी हैं और अपने क्षेत्र में प्रचार के लिए जुटी हैं। उनका कहना है कि अब और ज्यादा विकसित मथुरा का प्रयास होगा। प्रस्तुत है उनके साथ बातचीत के कुछ प्रमुख अंश-

प्रश्न: इस बार के चुनाव में मुद्दे और चुनौतियां क्या हैं?

उत्तर: पिछले दो कार्यकाल में अधूरे रह चुके कार्यों को पूरा किया जायेगा। नए कार्यों को भी कराया जायेगा। तीसरी बार के कार्यकाल में विकसित मथुरा की प्राथमिकता होगी। विकास के कार्य कभी समाप्त होने वाले नहीं हैं। यह अनवरत चलती रहती है। जो यहां के सांसद होंगे, उनमें ऊर्जा का होना आवश्यक है। तब कोई काम हो सकेगा। मथुरा के लिए ऊर्जावान सांसद ही चाहिए। जो हमेशा जनपद के विकास में मजबूती से जुटा रहे।

प्रश्न: बेरोजगारी के मुद्दे पर विपक्ष घेर रहा है? भाजपा की क्या रणनीति है?

उत्तर: आरोपों में कोई दम नहीं है। सब कुछ ठीक चल रहा है। खासकर रोजगार को लेकर प्रधानमंत्री ने बहुत कार्य किया है। अनेक योजनाएं चल रही है। नौजवानों को उनका लाभ उठाना चाहिए। विपक्ष के सवाल उठाने भर से सब कुछ हो जाएगा क्या? किसी को कहीं नहीं जाना है। नौजवान जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलें। तमाम जानकारियां सरकारी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उसका इस्तेमाल करें।

प्रश्न: पिछले चुनाव में आरएलडी ने आपके खिलाफ प्रत्याशी लड़वाया था। इस बार साथ आने से कितना लाभ होगा?

उत्तर: भाजपा और आरएलडी का गठबंधन होना सकारात्मक है। जयंत जी अच्छा काम कर रहे हैं। उनके आने से मुझे खुशी है। हमारे लिए यह प्लस पॉइंट है।

प्रश्न: श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कुछ कहेंगी?

उत्तर: मामला न्यायालय में है। प्रकरण चल रहा है। मैं क्या बोलूं? न्यायालय को डिसाइड करने दीजिए, फिर बात करेंगे।

प्रश्न: राजनीति में बहुत से फिल्मी सितारे आए और चले गए पर आप डटी रही।

उत्तर: आप कहीं के सांसद बनेंगे तो पहले अपने दिमाग में एक विजन बनाना होगा। तमाम क्षेत्र मुझे भी दिए जा रहे थे जैसे नोएडा, गाजियाबाद आदि। परंतु, मैंने मथुरा को ही चुना; क्योंकि यहां विकास करने के लिए काफी अवसर हैं। यदि कोई अयोध्या का सांसद बनता है तो यह गर्व का विषय होगा। कार्य करने के लिए वहां भी तमाम अवसर हैं। वह व्यक्ति अद्वितीय और अच्छा काम करेगा। जिसे हमेशा याद किया जाएगा।

प्रश्न: इस पंचवर्षीय में कौन-कौन से काम होने हैं?

उत्तर: 84 कोस परिक्रमा मार्ग निर्माण, यमुना सफाई, शिक्षा में भी काम करना है। मथुरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू करने हैं। हमारी पारंपरिक कलाएं निखारेंगी। सब कुछ तैयार है। इंफ्रास्ट्रक्चर तो है ही बस उसकी देखभाल करना है। देखभाल का दायित्व हमारा ही बनता है।

End of Article