ताज नगरी आगरा किसी पहचान की मोहताज नहीं है। दुनियाभर के पर्यटक ताजमहल के दीदार के लिए यहां पहुंचते हैं। मुगलों के बसाए इस शहर में भीड़भाड़ भी काफी बढ़ चुकी है। शहर की भीड़भाड़ को कम करने के लिए ग्रेटर आगरा की योजना बनाई जा रही है। आगरा की इनर रिंग रोड पर रायपुर व रहनकलां में 449 हेक्टेयर भूमि पर आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना 'ग्रेटर आगरा' बनने जा रही है। बड़ी बात ये है कि इस योजना के साथ ही आगरा में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम भी बनेगा। यह स्टेडियम राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम की तर्ज पर बनाया जाएगा।
ग्रुप हाउसिंग अपार्टमेंट योजना
ADA की इस योजना में 4353 भूखंडों के साथ ग्रुप हाउसिंग अपार्टमेंट बनेंगे। इस आवासीय योजना के तहत लोगों के लिए तमाम सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अच्छी बात ये है कि ADA की 150वीं बैठक में ग्रेटर आगरा के लिए DPR को मंजूरी भी मिल गई है। ग्रेटर आगरा में कुल मिलाकर 10 टाउनशिप विकसित होंगी, जिनमें 4353 भूखंड के साथ ग्रुप हाउसिंग अपार्टमेंट भी बनेंगे। कहा जा रहा है कि इन 10 टाउनशिप का नाम देश की 10 प्रमुख नदियों के नाम पर रखा जाएगा। इस योजना को आगरा विकास प्राधिकरण की अब तक की सबसे बड़ी योजना माना जा रहा है।
आगरा में इकाना जैसा स्टेडियम
जिस इनर रिंग रोड स्थित रायपुर व रहनकलां में ADA ग्रेटर आगरा आवासीय योजना बनाने की तैयारी कर रहा है, वहीं पर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम भी बनाया जाएगा। यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम 50 एकड़ में बनाया जाएगा। प्राधिकरण ने स्टेडियम के लिए जगह का प्रावधान किया है। तय किया गया है कि अगर खेल विभाग की ओर से मांग होती है तो स्टेडियम के लिए 50 एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी जाएगी। इस तरह से आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का सपना भी जल्द ही पूरा हो सकता है।
ग्रीन कॉरिडोर भी बनेगा
मुगल कालीन पुराने आगरा की भीड़भाड़ से अलग ग्रेटर आगरा में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। कंसल्टेंट सर्वे, डाटा कलेक्शन व फिजिब्लिटी रिपोर्ट के आधार पर ही यहां आवासीय योजना का मास्टर प्लान बनाया जाएगा। इस अत्याधुनिक टाउनशिप में ग्रीन कॉरिडोर भी बनेगा, जिसमें साइकिल ट्रैक, पैदल चलने के लिए फुटपाथ और मनोरंजन से जुड़ी कई तरह की सुविधाएं होंगी।
व्यावसायिक श्रेणी के लिए भी भूखंड होंगे
बताया जा रहा है कि ग्रेटर आगरा न सिर्फ आवासीय योजना होगी और इसमें ग्रुप हाउसिंग भूखंड होंगे, बल्कि इसमें व्यावसायिक श्रेणी के भूखंड भी होंगे। ज्ञात हो कि ग्रेटर आगरा से पहले ADA ने ग्वालियर हाईवे पर अटल पुरम टाउनशिप योजना भी लॉन्च की है। इसी साल 5 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस योजना का शिलान्यास किया था।
