आगरा

मथुरा में मिट्टी के ढाय गिरने से 6 मकान ढहे, तीन की मौत; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

मथुरा में मिट्टी की ढाय गिरने से 4 मकान ढह गए, जिसमें 12 से 15 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस की टीम ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

Mathura: यूपी के मथुरा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां मिट्टी की ढाय गिरने 6 मकान धराशाई हो गए। मकान गिरने से उसके मलबे में कई मजदूरों सहित 12 से 15 लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन की शुरुआत की गई। लोगों को मलबे में से निकालने का प्रयास जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, यहां टीले की खुदाई का कार्य चल रहा था। यह कार्य प्रशासन की नाक के नीचे अवैध रूप से किया जा रहा है। तभी अचानक मिट्टी की ढाय के पास बने मकानों पर गिर गई और उसमें मजदूरों समेत कई लोग दब गए। लोगों को बचाने के लिए पुलिस और दमकल की टीम द्वारा हर मुमकिन प्रयास किया जा रहा है। पिछले 8 घंटों में मलबे से 4 लोगों को बाहर निकाला गया है। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। डी एम , एसएसपी लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं।

हादसे में तीन की मौत

मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक युवक को बाहर निकाला गया और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान तोताराम (38) पुत्र बजरंग लाल सैनी के रूप में हुई। इसके अलावा यशोदा (6 वर्ष ) और काजल (4 वर्ष) की भी मौत हो गई है।

मिट्टी के धसकने के भरभराकर गिरे मकान

बता दें यह सभी मकान एक मिट्टी के टीले पर बने हुए थे। अचानक मिट्टी धसक गई। जिसके बाद एकाएक मकान भरभराकर गिरते चले गए। ज्यादातर मकानों की छत और दीवारें टूट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऐसा लगा जैसा भूकंप आ हो। पलभर में एक के बाद एक 4 मकान गिर गए। अभी मलबे में कितने लोग दबे हैं। अभी इसका सही आंकड़ा सामने नहीं आया है। अफसरों का कहना है कि फिलहाल मलबा हटाया जा रहा है। जो घर गिर गए हैं, उनके परिवारों में मिसिंग लोगों के बारे में पूछा जा रहा है। हादसा, दोपहर 12 बजे के करीब हुआ। ऐसे में ज्यादातर लोग घरों में ही थे।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article