शहर

Nalanda News: '500 रुपये दीजिए'...मेहनताने की मांग का खौफनाक अंजाम, खौलते तेल में डाला गया मजदूर, बुरी तरह झुलसकर हुई मौत

Nalanda News: बिहार के नालंदा से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 500 रुपये की मजदूरी मांगने पर एक मजदूर को खौलते तेल की कड़ाही में डालने का आरोप है। इस दर्दनाक घटना में बुरी तरह झुलसे मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Image

बिहार के नालंदा में मजदूर की मौत से सनसनी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 500 रुपये की मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर को खौलते तेल की कड़ाही में डालने का आरोप लगा है। इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

ब्रह्मभोज में खाना बनाने के लिए गया था मजदूर

जानकारी के मुताबिक, यह घटना नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के बथानी पर गांव की है। मृतक की पहचान वेलदारी गांव निवासी कम्बु चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रघु गोप के पिता के श्राद्ध कर्म के बाद आयोजित ब्रह्मभोज में खाना बनाने के लिए गया था। मृतक के भाई ने बताया है कि दिलीप और राजा नाम के दो व्यक्ति 4 अक्टूबर को कम्बु चौहान को खाना बनाने के लिए अपने साथ ले गए थे।

खौलते तेल से भरी कड़ाही में डाल दिया

परिजनों के अनुसार, खाना बनाने का काम पूरा होने के बाद कम्बु चौहान ने अपनी मेहनत के बदले 500 रुपये की मजदूरी मांगी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद कथित तौर कम्बु चौहान को पकड़कर खौलते तेल से भरी कड़ाही में डाल दिया गया। इस घटना में वह बुरी तरह झुलस गए।

गंभीर रूप से झुलसने के कारण हुई मौत

घटना के बाद घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मजदूर की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article