ऑटो न्यूज़

Festive Season में Car पर मिल रही है बड़ी छूट? इन स्मार्ट तरीकों से बचेंगे आपके हजारों रुपये

फेस्टिव सीजन कार खरीदारी का सही समय हो सकता है। हालांकि, केवल बड़ा डिस्काउंट देखकर कार खरीदना सही नहीं होगा। कुछ स्मार्ट तरीकों से अपनी बचत को बढ़ा सकते हैं।

Image

फेस्टिव सीजन पर कार खरीद रहे हैं तो ऐसे बढ़ाएं अपनी बचत (Photo: iStock)

फेस्टिव सीजन (Festive Season) में बहुत से लोग कार खरीदारी का प्लान बनाते हैं, क्योंकि इस दौरान ऑटो कंपनियां और डीलर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के ऑफर (festive car discounts) पेश करते हैं। इनमें कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट डिस्काउंट और एक्सेसरीज पर छूट शामिल हो सकती है। लेकिन केवल बड़ी छूट का ऐड देखकर कार खरीदना समझदारी नहीं है। अगर आप सही तरीके से मोलभाव करें और ऑफर्स की तुलना करें, तो अपनी बचत बढ़ा सकते हैं-

अलग-अलग डीलर से लें कोटेशन

कार खरीदने से पहले एक ही शहर के कम से कम दो या तीन डीलरशिप से कीमत का लिखित कोटेशन लें। एक ही मॉडल और वेरिएंट पर मिलने वाली छूट अलग-अलग हो सकती है। दूसरे डीलर का बेहतर ऑफर दिखाकर आप अपनी पसंद की डीलरशिप पर भी मोलभाव कर सकते हैं।

सभी डिस्काउंट की जानकारी लें

कई बार कंपनी की ओर से कैश डिस्काउंट दिया जाता है, जबकि डीलर अलग से बोनस या एक्सेसरीज ऑफर करता है। इसके अलावा, एक्सचेंज बोनस और कॉर्पोरेट डिस्काउंट भी मिल सकता है। डीलर से पूछें कि आप किन ऑफर्स के लिए एलिजिबल हैं और क्या उन्हें एक साथ लिया जा सकता है।

एक्सचेंज ऑफर की सही तुलना करें

पुरानी कार बदलने पर मिलने वाला एक्सचेंज बोनस आकर्षक हो सकता है। हालांकि, अपनी पुरानी कार की कीमत केवल एक डीलर से तय न कराएं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और दूसरे खरीदारों से भी मूल्यांकन करवाएं। इससे पता चलेगा कि एक्सचेंज बोनस के बाद मिलने वाली कुल रकम वास्तव में फायदेमंद है या नहीं।

कार लोन पर भी करें मोलभाव

अगर आप लोन लेकर कार खरीद रहे हैं, तो केवल डाउन पेमेंट और EMI न देखें। ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस और लोन की कुल लागत की तुलना करें। कभी-कभी कैश डिस्काउंट के बजाय कम ब्याज वाला ऑफर अधिक फायदेमंद हो सकता है। दोनों विकल्पों का हिसाब लगाकर फैसला लें।

पुराने स्टॉक पर पूछें छूट

डीलर के पास पिछले महीने या पुराने मैन्युफैक्चरिंग बैच की कार उपलब्ध हो सकती है। ऐसी गाड़ियों पर अतिरिक्त छूट मिलने की संभावना रहती है। हालांकि, खरीदने से पहले मैन्युफैक्चरिंग डेट, वारंटी की शुरुआत और गाड़ी की स्थिति जरूर जांचें।

एक्सेसरीज और अतिरिक्त शुल्क जांचें

डीलर से एक्सेसरीज, एक्सटेंडेड वारंटी और अन्य ऐड-ऑन की कीमत अलग-अलग पूछें। केवल वही चीजें लें जिनकी आपको जरूरत है। बीमा का कोटेशन भी बाहर से लेकर तुलना कर सकते हैं।

लिखित में लें फाइनल ऑफर

बुकिंग से पहले डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, बीमा और सभी शुल्कों की डिटेल्स लिखित में लें। साथ ही डिलीवरी की तारीख और ऑफर की वैलिडिटी को लेकर भी सारी बातें क्लियर कर लें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article