Mathura News: वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में बुधवार शाम दर्शन के बाद एक श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी कृपाल सिंह के रूप में हुई है। कृपाल सिंह की उम्र 56 वर्ष थी। मंदिर प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, कृपाल सिंह अपने परिवार और लगभग 50 रिश्तेदारों के साथ मंगलवार को दर्शन करने आए थे। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम लगभग छह बजे करीब जब वह गेट नंबर 4 से बाहर निकल रहे थे, उस दौरान उनका भतीजा उनके कंधे पर बैठा हुआ था, तभी उन्हें अचानक चक्कर आया और वह गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और कृपाल सिंह को नजदीकी मायावती अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित किया। चिकित्सकीय जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उनकी मृत्यु हृदय गति रुक जाने से हुई है।
सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे कृपाल
परिजनों ने बताया कि कृपाल सिंह पिछले कुछ समय से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे और उन्हें अक्सर सांस फूलने की शिकायत रहती थी। परिवार ने बताया कि हाल के दिनों में यह समस्या बढ़ गई थी। बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई।
प्रशासन ने परिजनों को सौंपा शव
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति के प्रतिनिधियों ने मृतक के परिवार का पूरा सहयोग किया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की तरफ से अवधपाल, विनोद कुमार और संजीव कुमार सहित उनके साथियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कृपाल सिंह का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। मंदिर प्रशासन ने दिवंगत श्रद्धालु के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। इस घटना के बावजूद, बांके बिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था यथावत जारी रही।
