Agra Road Accident: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दर्दनाक हादसे की एक खबर सामने आई है। यहां कागारौल इलाके में दो मोटरसाइकिल की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को जब्त किया। पुलिस ने सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हादसे में घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
मोटरसाइकिल की टक्कर में पांच लोगों की मौत
पुलिस ने बताया कि आगरा के सैंया इलाके के रहने वाले चार लोग भगवान दास (35), वकील (35), राम स्वरूप (28) और सोनू (30) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर शादी समारोह में गए थे। उसने बताया कि ये चारों लोग शनिवार रात करीब 10 बजे समारोह के बाद घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कागारौल इलाके में उनकी मोटरसाइकिल सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से टकरा गई और हादसा हो गया।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में एक मोटरसाइकिल पर सवार चारों लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार करन (17) की भी मौके पर मौत हो गई और किशनवीर नामक एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने किशनवीर को एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है। उसकी भी हालत बेहद नाजुक बतायी गई है। पुलिस ने बताया कि पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मृतकों के परिवार को हादसे की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को परिवार को सौंप दिया जाएगा। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। सभी के परिवार में मातम पसर गया है।
(इनपुट - भाषा)
