शहर

Unnao Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्लीपर बस ने कार को मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत

उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई। जिसके बाद खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं।

Image

उन्नाव में स्लीपर बस ने कार को मारी टक्कर

Photo : Times Now Digital

Unnao Accident News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा से बिहार जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पहले कार से टकराई और फिर एक्सप्रेसवे से नीचे खंती में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

हरियाणा से बिहार जा रही बस हादसे का शिकार

पुलिस के अनुसार, यह हादसा बांगरमऊ थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 230.800 पर बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। स्लीपर बस (BR06 PF 1024) हरियाणा से बिहार की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चालक को झपकी आने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया। जिससे यह हादसा हुआ।

कार को टक्कर मारने के बाद खंती में पलटी बस

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हुई कार (UP58 AK 3461)

लखनऊ से आगरा जा रही थी। उन्नाव पहुंचने पर बस ने अनियंत्रित होकर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे खंती में पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में पांच लोगों की मौत

इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिव्या (6 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), अमृता (13 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और चालक विनोद (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं कार सवार चार लोग और बस में सवार चार यात्री इस हादसे में घायल हुए हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बस ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह और बांगरमऊ एसडीएम बृजमोहन शुक्ला मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए। शुरुआती जांच में बस चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता करने के लिए जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article