शहर

पुरानी रंजिश बनी जानलेवा; बवाना हत्याकांड में पुलिस को मिली सफलता, फरार आरोपी को दबोचा

बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके में हत्या के एक मामले में फरार चल रहे 24 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि संपत्ति विवाद के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 8 मार्च को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में एक नाबालिग को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

Image

दिल्ली पुलिस ने बावना हत्याकांड में वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार

Delhi News: दिल्ली पुलिस ने एक बाद फिर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी के मुताबिक, बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में फरार चल रहे 24 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में अधिकारियों ने रविवार को जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, पूठ खुर्द गांव का रहने वाला आरोपी योगी उर्फ देवराज डबास अपने साथियों के साथ मिलकर 8 मार्च को राज वाटिका के नजदीक भूपेंद्र उर्फ भोलू (24) को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था।

राज वाटिका के पास व्यक्ति को गोली मारकर हत्या

पुलिस के अनुसार नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली थी कि पूठ खुर्द क्षेत्र में राज वाटिका के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक स्कूटर के पास गोली से घायल व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।

पूछताछ में आरोपी ने क्या खुलासा किया?

पुलिस का कहना है कि, जांच के दौरान एक संदिग्ध आरोपी की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर टीम ने योजना बनाकर शनिवार को नजफगढ़ इलाके के छवाला बस स्टैंड से उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों निखिल, सुमित और एक नाबालिग के साथ मिलकर राज वाटिका के पास भूपेंद्र की हत्या की थी।

पुलिस कर रही है लगातार तलाशी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जमीन-जायदाद को लेकर चल रहे पुराने विवाद के कारण योगी और निखिल ने कथित रूप से भूपेंद्र की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल नाबालिग को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि सुमित अभी भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article