शहर

'आतिशी जी मेरी बहन हैं, भाई नहीं'...प्रवेश वर्मा के इस बयान के बाद विधानसभा में छिड़ा संग्राम हुआ खत्म

जैसे ही मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपना जवाब फिर से शुरू करने की कोशिश की, आतिशी और आप के अन्य विधायकों ने अपना जोरदार विरोध जारी रखा। अपना भाषण फिर से शुरू करने में कई बार असफल रहने पर वर्मा ने कहा, कहां से लाए हो भाई?

Image

प्रवेश वर्मा की टिप्पणी पर हंगामा

Photo : PTI

AAP protests Parvesh Verma's Bhai Comment: दिल्ली विधानसभा में गुरुवार को ‘भाई’ शब्द के कारण सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच 13 मिनट तक तीखी नोकझोंक हुई जिससे सदन में संग्राम छिड़ गया। आप इस बात पर अड़ी रही कि इस शब्द का इस्तेमाल संभवतः नेता प्रतिपक्ष आतिशी के प्रति अनादर की भावना से किया गया था, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने विपक्षी नेताओं से पूछा, मैंने क्या कहा? भाई कहना गलत कैसे है? विधानसभा में हंगामे के बीच अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप के तीन विधायकों को सदन से बाहर कर दिया।

इसलिए शुरू हुआ हंगामा

हंगामा उस समय शुरू हुआ जब वर्मा प्रश्नकाल के दौरान तीर्थ यात्रा समिति से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। आप पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने तीर्थ यात्रा समिति के लिए 2024-25 के लिए 80 करोड़ रुपये मंजूर किए, लेकिन कुछ भी खर्च नहीं किया। विपक्षी आप विधायकों ने इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी वर्मा के आरोप का जवाब देने के लिए खड़ी हुईं। जैसे ही मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपना जवाब फिर से शुरू करने की कोशिश की, आतिशी और आप के अन्य विधायकों ने अपना जोरदार विरोध जारी रखा। अपना भाषण फिर से शुरू करने में कई बार असफल रहने पर वर्मा ने कहा, कहां से लाए हो भाई?

आप ने कहा, वर्मा की भाषा असंसदीय

आतिशी ने फिर से विरोध जताया और कहा कि वर्मा द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा असंसदीय है। आप के अन्य विधायकों ने भी उनका साथ दिया और मंत्री पर अनादर करने का आरोप लगाया। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा, मैंने सिर्फ भाई कहा। इसमें असंसदीय क्या है? विधानसभा अध्यक्ष ने आप सदस्यों से पूछा कि अगर वर्मा ने सिर्फ भाई कहा है तो इसमें आपत्तिजनक शब्द क्या है, ये आपत्तिजनक शब्द नहीं है। उन्होंने कहा, मैं इस मुद्दे को नहीं समझ पा रहा हूं।

आतिशी जी मेरी बहन हैं, भाई नहीं...

जब विपक्षी विधायकों ने टिप्पणी का विरोध जारी रखा तो गुप्ता ने आप नेताओं विशेष रवि और कुलदीप कुमार को बाहर निकालने का आदेश दिया। वर्मा ने अपनी टिप्पणी का मतलब समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनका मतलब यह पूछना था कि आप इतने बुरे व्यवहार कहां से लाते हैं? वर्मा ने यह भी कहा कि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। आप विधायकों के साथ कुछ और बहस के बाद वर्मा ने कहा, आतिशी जी मेरी बहन हैं, भाई नहीं। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही सामान्य हो गई।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article