शहर

AAP नेता की 'दुल्हन' निकली फर्जी PCS, 8 महीने बाद जेवर लेकर फरार, शादी में मंत्री से स्पीकर तक ने किया था भांगड़ा

अमरिंदर सिंह का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद महिला घर से कीमती जेवर और अन्य सामान लेकर फरार हो गई। इसके बाद जब उन्होंने महिला के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की तो कथित तौर पर उसके पहले से शादीशुदा होने और तलाक की जानकारी सामने आई।

Image

AAP नेता को लूटकर फरार हुई फर्जी पीसीएस दुल्हन।

फतेहगढ़ साहिब: शादी का मंच सजा था, मेहमानों में बड़े-बड़े नाम थे और खुशियों के बीच भांगड़ा भी जमकर हुआ था। लेकिन करीब आठ महीने बाद इसी शादी की कहानी में ऐसा मोड़ आया कि मामला थाने तक पहुंच गया। फतेहगढ़ साहिब में ऐसा ही एक मामला सामने आया है और ये मामला इसलिए भी बड़ा है क्योंकि पीड़ित कोई सामान्य व्यक्ति नहीं बल्कि सूबे में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी का नेता है। यहां AAP नेता अमरिंदर सिंह मंडोफल ने आरोप लगाया है कि उन्होंने आठ महीने पहले उन्होंने शादी की तब उनकी दुल्हन ने खुद को PCS अधिकारी और अविवाहित बताया था। अब आरोप है कि शादी के बाद महिला घर से सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान लेकर गई। मामले में पुलिस ने महिला मनविंदर कौर समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

शादी से पहले बताया- PCS अधिकारी हूं, कुंवारी हूं

AAP के ज्वाइंट सेक्रेटरी, जिला परिषद सदस्य और मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन अमरिंदर सिंह मंडोफल ने बताया कि रिश्ता तय होने के दौरान महिला और उसके परिवार की ओर से उसे PCS अधिकारी बताया गया था। साथ ही दावा किया गया कि महिला अविवाहित है और उसकी उम्र भी कम है। जिसके बाद फरवरी 2026 में दोनों की शादी हुई। शादी समारोह में विधानसभा के स्पीकर से लेकर कैबिनेट मंत्री भी पहुंचे थे।

आठ महीने बाद कहानी ने लिया यू-टर्न

अमरिंदर सिंह का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद महिला घर से कीमती जेवर और अन्य सामान लेकर फरार हो गई। इसके बाद जब उन्होंने महिला के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की तो कथित तौर पर उसके पहले से शादीशुदा होने और तलाक की जानकारी सामने आई। आरोप है कि महिला का करीब 18 साल का बेटा भी है। अमरिंदर सिंह का दावा है कि शादी से पहले उनसे इन जानकारियों को छिपाया गया।

उम्र कम दिखाने के लिए दस्तावेजों में छेड़छाड़ का आरोप

AAP नेता ने यह भी आरोप लगाया है कि महिला की उम्र कम दिखाने के लिए दस्तावेजों में कथित तौर पर हेरफेर किया गया। उनका कहना है कि उन्होंने खुद जानकारी जुटाई और इस दौरान उन्हें दस्तावेजों से जुड़ी गड़बड़ियों के बारे में पता चला। उनका आरोप है कि महिला की पहचान और व्यक्तिगत जानकारी को लेकर गलत तथ्य बताए गए और इन्हीं के आधार पर उन्हें शादी के लिए तैयार किया गया।

महिला समेत छह लोगों पर FIR

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मनविंदर कौर समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। FIR में महिला के भाई तरलोचन सिंह, मां वरिंदरजीत कौर, ताया के बेटे नरिंदर सिंह गोल्डी, भाभी रूपिंदर कौर और गांव के पूर्व सरपंच सुरिंदर सिंह राणा के नाम भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी तरनतारन जिले के भिखीविंड थाना क्षेत्र के गांव सुरसिंह के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस अब मामले में आरोपों की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जिस शादी में नेताओं ने किया था भांगड़ा, अब उसी पर सवाल

फरवरी 2026 में हुई शादी में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंध समेत कई राजनीतिक हस्तियों के पहुंचने की बात सामने आई है। शादी समारोह की तस्वीरों और वीडियो में नेताओं के साथ खुशियां मनाने और भांगड़ा करते हुए दृश्य भी सामने आए थे। अब वही शादी कथित धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोपों के कारण चर्चा में है।AAP नेता के आरोपों के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि PCS अधिकारी होने का दावा, दस्तावेजों में कथित हेरफेर और शादी के बाद जेवर ले जाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article