शहर

Aaj Ka Mausam 21 August: यूपी-बिहार में तड़क-गरज के साथ लौटेगा मानसून, मुंबई में बारिश पड़ी सुस्त; जानें आपके शहर में कैसा रहेगा आज का मौसम

Aaj Ka Mausam (आज का मौसम कैसा रहेगा) 21-August-2025 दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, मुंबई में जानें आज बारिश होगी या नहीं: मानसून का मौसम उरूज पर है और इसका अंदाजा आपको पश्चिमी घाटों पर एक नजर डालकर मिल सकता है। बारिश से शहर के कामकाज ठप से पड़ गए हैं। इससे पार पाएं तो पहाड़ों पर नजर डाल लें। बादल फटने और फ्लैश फ्लड की घटनाओं से सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं उत्तर के प्लेन इलाकों, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश में मानसून कुछ समय से सुस्त पड़ा है, लेकिन यहां भी अब दिन बहुरते दिख रहे हैं। आइए जानते हैं कैसा रहने वाला है आज के मौसम का हाल।

Image

आज उत्तर के राज्यों में होगी बारिश, पश्चिमी घाटों कम होगी आफत

Photo : Times Now Digital

Aaj Ka Mausam 21-August 2025: देश में इस समय मानसून अपने चरम पर है और कई राज्यों में इसका असर अभी भी ठीकठाक देखा जा रहा है। हालांकि कुछ हिस्सों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ रही है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी हैं। गुरुवार, 21 अगस्त को मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और कई राज्यों में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में भी आज मौसम खराब रहने वाला है। पूर्वोत्तर भारत में सिक्किम, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आइए जानते हैं कैसा रहने वाला है राज्यों का मौसम।

दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में बुधवार को बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन गुरुवार को आसमान में काले बादलों का जमावड़ा देखा गया है। मौसम विभाग ने 21 अगस्त से 25 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। आज कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

इसके साथ ही यमुना नदी का बढ़ता जलस्तर दिल्लीवालों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान राजधानी में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को हल्की बारिश के बाद मौसम में राहत महसूस की गई है, खासकर लखनऊ में बुधवार को दोपहर की बारिश और रात की ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी। मौसम विभाग ने 22 से 26 अगस्त तक प्रदेश में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।

आज 21 अगस्त को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों और पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर बारिश व वज्रपात की संभावना है। 22 अगस्त से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, खासकर पूर्वी यूपी में अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। 23 से 25 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं।

बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम

बिहार में आज मौसम का मिजाज बदला-बदला दिख रहा है। पटना सहित सात जिलों कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई में ठनका और भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी पटना और उसके आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और उमस भरी गर्मी का दौर जारी है।

कल, बुधवार को पटना में 15.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं संपतचक में 25.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई। आज के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है और गरज के साथ बारिश हो सकती है।

मुंबई में आफत की बारिश जारी

मुंबई में पिछले 5-6 दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने महानगर की रफ्तार थाम दी है। शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। भारी जलभराव के कारण यातायात ठप है, कई फ्लाइटों को डायवर्ट किया गया है और पैसेंजर ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। बिगड़े मौसम की वजह से स्कूलों में छुट्टियां घोषित की गईं कई कामकाजी लोगों की सुविधा के लिए वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया।

आज IMD ने मुंबई और आसपास के जिलों ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और पालघर में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पुणे के घाटों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। नासिक के घाट क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मराठवाड़ा और विदर्भ जैसे क्षेत्रों में फिलहाल कोई बड़ी चेतावनी नहीं है, लेकिन मौसम की सतर्क निगरानी की जा रही है।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में भी मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। राजधानी जयपुर सहित अजमेर और नागौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 3 घंटे के अंदर भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

दूसरी ओर दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, करौली, टोंक, बूंदी, बारां, कोटा और झालावाड़ जैसे जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम्स का असर प्रदेश में देखा जा रहा है। फिलहाल बारिश का केंद्र पूर्वी राजस्थान है, लेकिन कुछ भागों में पश्चिमी राजस्थान में भी गतिविधि देखी जा रही है।

पहाड़ों में मौसम बिगड़ा

पहाड़ी राज्यों में मौसम का रुख खतरनाक बना हुआ है। इस सप्ताह हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को सलाह दी गई है कि वे फिलहाल किसी भी ट्रिप या यात्रा को टाल दें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article