Tarn Taran Firing: पंजाब के तरनतारन जिले से बुधवार को गोलीबारी की घटना सामने आई। तरनतारन जिले के सीमावर्ती कस्बे खेमकरण में एक कार सवार लोगों पर कथित तौर पर अचानक गोलियां चलाई गईं। इस वारदात में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गांव आसल निवासी गुरसेवक सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायलों की पहचान हरकीरत सिंह और साजनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
हमलावर समझकर चलाईं गोलियां?
गोलीबारी करने वाले व्यक्ति की पहचान मनजीत सिंह कट्टा के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मनजीत सिंह कट्टा को पिछले कुछ समय से गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही थीं। पुलिस के मुताबिक, आढ़ती और ट्रांसपोर्टर मनजीत सिंह को पिछले कुछ समय से गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही थीं। इसी आशंका के चलते उसने अपने पीछे आ रही एक गाड़ी में सवार लोगों को हमलावर समझ लिया और उन पर गोलियां चला दीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के जलगांव में RSS रूट मार्च के दौरान पसरा तनाव, सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
मामले की जांच में जुटी पुलिस
बता दें कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान गुरसेवक सिंह की मौत हो गई। वहीं, हरकीरत सिंह और साजन सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का भीखीविंड के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गैंगस्टरों से मिल रही धमकियों के डर के कारण यह घटना हुई। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
