शहर

एमपी के बड़वानी में भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक की टक्कर में 5 की मौत; बारात जा रहे थे सभी

मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक कार और ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग बुरी तरह घायल हैं। जानकारी के मुताबिक, सभी बारात में शामिल होने जा रहे थे।

Image

एमपी के बड़वानी में भीषण सड़क हादसा

बड़वानी : जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जुलवानिया टोल प्लाजा के पास खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार टैंकर ने फोर-व्हीलर कार को जोरदार टक्कर मार दी।

बारात में शामिल होने जा रहे थे सभी

जानकारी के अनुसार, कार में कुल सात लोग सवार थे, जो एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जुलवानिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी यात्री राजपुर क्षेत्र के पास से बारात में शामिल होने आए थे। डीजल खत्म होने के कारण वे जुलवानिया की ओर गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। इसी दौरान खरगोन की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही जुलवानिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

किनकी हुई मौत

सचिन गोकूल वास्कले 25 पटेलपुरा साकड़

प्रदुम्य पिता गुलीचंद सहते 25 सालखेड़ा

पप्पू पिता हिरालाल 29 लिम्बई

आकाश पिता दयाराम उम्र 25 साल निवासी रालामंडल

घायल के नाम

सुरेश मांगीलाल 28 देवझिरी

सोहन झाबर 28 सालखेड़ा

यशवन्त सुपड़िया 30 जलगोन

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article