शहर

गुजरात में कथित नकली शराब का कहर, भावनगर में 3 की मौत; जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहे 19 लोग

गुजरात के भावनगर के खरकड़ी गांव में कथित तौर पर नकली विदेशी शराब पीने से 3 लोगों की मौत हो गई है और 19 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। एसएमसी मामले की जांच कर रही है।

Image

गुजरात में कथित नकली शराब पीने से कई लोग बीमार

भावनगर : जिले के घोघा तालुका के खरकड़ी गांव में कथित तौर पर नकली विदेशी शराब पीने से 20 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। इनमें से तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि 19 लोग अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। जानकारी के मुताबिक, खरकड़ी गांव में रॉयल स्टैग ब्रांड की मध्य प्रदेश निर्मित विदेशी शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी। गंभीर हालत में कुछ मरीजों को भावनगर के सर टी. अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य मरीजों को दूसरे जिलों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान उपेंद्रसिंह गोहिल की मौत हो गई थी। इसके बाद बुधवार सुबह कनकसिंह गोहिल ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है।

फिलहाल शराब पीने के बाद बीमार हुए 19 लोगों का इलाज किया जा रहा है। इनमें 9 मरीज सर टी. अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 10 अन्य मरीज अलग-अलग जिलों के अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इनमें से तीन मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर SMC की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर स्टेट मॉनिटरिंग सेल (SMC) की टीम भावनगर पहुंची है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भी कथित अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक करीब 9 कथित बूटलेगरों को गिरफ्तार किए जाने और रॉयल स्टैग शराब का जखीरा जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

कलेक्टर और SDM ने अस्पताल का दौरा किया

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला कलेक्टर और SDM सर टी. अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। ICU में भर्ती मरीजों की हालत की भी जानकारी ली गई और अस्पताल प्रशासन को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने गुजरात में शराबबंदी के बावजूद कथित अवैध शराब के कारोबार पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस और SMC की जांच जारी है। शराब कहां से लाई गई, इसे किसने बेचा और इसे पीने के बाद इतनी बड़ी संख्या में लोग बीमार कैसे हुए, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article