शहर

नोएडा के पीजी में 19 साल की युवती का मिला शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका ने बढ़ाई सनसनी

नोएडा के बरौला इलाके में एक पीजी के कमरे से 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पुलिस को धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को जांच में लगाया है।

Image

नोएडा के बरौला इलाके में सनसनीखेज वारदात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Noida News: नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पेइंग गेस्ट (पीजी) के कमरे से करीब 19 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

कब मिली पुलिस को घटना की सूचना?

नोएडा पुलिस के मीडिया सेल के मुताबिक, 10 अगस्त को बरौला इलाके में स्थित एक पीजी के कमरे में युवती का शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे को सुरक्षित कर जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

अपनी दोस्त के साथ नोएडा आई थी मृतका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका रोजगार की तलाश में अपनी एक सहेली के साथ नोएडा आई थी। वह जिस कमरे में मृत मिली, वह उसकी दोस्त के कमरे के ठीक पास स्थित बताया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे किसका हाथ है।

पूरे मामले की हर एंगल से जांच जारी

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। विशेषज्ञों ने मौके से संभावित साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा तैयार कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना के संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिलने की बात भी सामने आई है। अब पुलिस इन्हीं साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर संदिग्ध तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारी जल्द ही मामले का खुलासा करने और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article