बिजनेस

Zomato-Swiggy का बड़ा ऐलान, अब कर्मचारियों की होगी ज्यादा कमाई, जानें कितना

जोमैटो ने ऑर्डर अस्वीकार करने और रद्द करने पर लगने वाले जुर्माने को अस्थायी रूप से माफ कर दिया है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह त्योहारों और साल के अंत के व्यस्त समय के दौरान अपनाई जाने वाली एक मानक परिचालन प्रक्रिया है।

Image

zomato swiggy big announcement/Photo-iStock

खाद्य एवं पेय पदार्थों की ऑनलाइन आपूर्ति करने वाले मंच जोमैटो और स्विगी ने नए साल की पूर्व संध्या पर ‘गिग’ कर्मचारियों के हड़ताल के आह्वान के बीच अपने ‘डिलीवरी पार्टनर्स’ को अधिक भुततान की पेशकश की है। ‘गिग’ कर्मचारी काम के आधार पर भुगतान पाने वाले कर्मचारियों को कहा जाता है। ये अकसर ऑनलाइन आपूर्ति मंचों के लिए काम करते हैं।

तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (टीजीपीडब्ल्यूयू) और इंडियन फेडरेशन ऑफ ऐप-बेस्ड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स (आईएफएटी) ने दावा किया कि बेहतर भुगतान और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर लाखों श्रमिक राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने वाले हैं।

प्रति ऑर्डर 150 रुपये तक की कमाई

PTI/भाषा की रिपोर्ट के अनुसार यह हड़ताल, नए साल की पूर्व संध्या पर जोमैटो, स्विगी, ब्लिंकइट, इंस्टामार्ट और जेप्टो जैसी खाद्य वितरण एवं त्वरित वाणिज्य कंपनियों के संचालन को प्रभावित कर सकती है, जब मांग अपने चरम पर होती है।

जोमैटो ने नए साल की पूर्व संध्या पर शाम छह बजे से रात 12 बजे के बीच व्यस्त समय में ‘डिलीवरी पार्टनर’ को प्रति ऑर्डर 120 रुपये से 150 रुपये तक का भुगतान देने की पेशकश की है। इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि मंच ने ऑर्डर की संख्या और कर्मचारियों की उपलब्धता के आधार पर पूरे दिन में 3,000 रुपये तक की कमाई का भी वादा किया है।

जुर्माना हुआ माफ

इसके अलावा, जोमैटो ने ऑर्डर अस्वीकार करने और रद्द करने पर लगने वाले जुर्माने को अस्थायी रूप से माफ कर दिया है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह त्योहारों और साल के अंत के व्यस्त समय के दौरान अपनाई जाने वाली एक मानक परिचालन प्रक्रिया है।

इटर्नल के पास जोमैटो और ब्लिंकइट ब्रांड का स्वामित्व है। इसी तरह, स्विगी ने भी साल के अंत के दौरान प्रोत्साहन राशि बढ़ा दी है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि आपूर्ति करने वाले कर्मचारियों को 31 दिसंबर से एक जनवरी के बीच 10,000 रुपये तक की कमाई की पेशकश की गई है।

तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (टीजीपीडब्ल्यूयू) और इंडियन फेडरेशन ऑफ ऐप-बेस्ड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स (आईएफएटी) ने संयुक्त बयान में कहा, ‘‘ कल रात तक, समूचे देश भर के आपूर्ति और ऐप के लिए काम करने वाले 1.7 लाख से अधिक कर्मचारियों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। शाम तक यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।’’

दूसरी ओर, मामले से परिचित लोगों का कहना है कि 25 दिसंबर की व्यापक हड़ताल के बाद ‘गिग’ कर्मचारियों ने 31 दिसंबर 2025 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। इससे पहले 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर तेलंगाना और अन्य क्षेत्रों में आपूर्ति करने वाले हजारों कर्मचारियों ने विभिन्न मंचों से खुद को हटा लिया था।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article