शेयर बाजार।
मुख्य बातें
Why Stock Market Down Today: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती तेजी के बाद बड़ी गिरावट दर्ज की। सेंसेक्स दिन के उच्चतम स्तर से 500 से अधिक अंक गिरकर 82,121.98 पर आ गया, जबकि निफ्टी 175.8 अंकों की गिरावट के साथ 25,020.40 पर आ गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 145.9 अंक चढ़कर 82,661.04 और निफ्टी 54.8 अंक बढ़कर 25,196.20 तक गया था। विदेशी निवेशकों द्वारा बुधवार को ₹446.31 करोड़ की बिकवाली और प्रमुख एशियाई बाजारों में कमजोरी ने घरेलू बाजार की धारणा को कमजोर किया। शंघाई कंपोजिट, निक्केई 225 और हैंगसेंग जैसे एशियाई सूचकांक 1% तक की गिरावट में थे। साथ ही वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स भी गुरुवार सुबह (IST) लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह 9 जुलाई से पहले व्यापारिक साझेदारों को टैरिफ बढ़ाने से संबंधित पत्र भेजने की योजना बना रहे हैं। इससे वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता का माहौल बना है। फिलहाल केवल ब्रिटेन ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते का खाका तैयार किया है।
ईरान पर संभावित इजरायली हमले को लेकर अमेरिका अलर्ट मोड में है। इसके चलते इराक और अन्य मध्य पूर्वी देशों से राजनयिक स्टाफ और सैन्य परिवारों को हटाने के आदेश दिए गए हैं, जिससे वैश्विक अस्थिरता की आशंका बढ़ गई है।
बुधवार को ब्रेंट क्रूड 4.3% की तेजी के साथ $69.77 प्रति बैरल पर बंद हुआ, जबकि WTI क्रूड 4.9% चढ़कर $68.15 पर बंद हुआ। बढ़ती तेल कीमतें भारत जैसे आयात-निर्भर देशों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स ने कहा, “मध्यम अवधि में निफ्टी के 25,460–26,200 के लक्ष्य बने हुए हैं, जब तक कि गिरावट 25,056 के नीचे नहीं जाती। यदि यह स्तर टूटता है और 24,900 या उससे नीचे आता है, तो कमजोरी के संकेत स्पष्ट होंगे, हालांकि 24,640 से नीचे आने पर ही रुझान बदलने की संभावना अधिक होगी।”
इंफोसिस, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा और एटर्नल उन प्रमुख शेयरों में शामिल रहे, जिन्होंने शुरुआती कारोबार में सबसे ज्यादा नुकसान उठाया।