बिजनेस

चीन में रॉकेट की तरह क्यों भाग रही हैं चांदी की कीमतें, दुनिया की अपेक्षा काफी ज्यादा!

China Silver Prices: चीन में चांदी की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार की तुलना में तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे दोनों बाजारों के बीच करीब 16 डॉलर प्रति औंस का अंतर बन गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 109 डॉलर प्रति औंस पर है, जबकि चीन में यह 125 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई है। इस अंतर का मुख्य कारण चीन में बढ़ती मांग है।

Image

चीन में चांदी के दाम छलांग पर, अंतर बढ़ा 16 डॉलर प्रति औंस तक (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

China Silver Prices : अंतरराष्ट्रीय बाजारों की तुलना में चीन में चांदी के दाम कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ रहे हैं। इस समय दोनों बाजारों के बीच करीब 16 डॉलर प्रति औंस का अंतर बन चुका है। जहां अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी करीब 109 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है, वहीं चीन में इसकी कीमत लगभग 125 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई है। यह अंतर निवेशकों और बाजार विशेषज्ञों के लिए चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

मांग बढ़ने से बढ़े दाम

चीन और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के बीच चांदी की कीमतों में अंतर का सबसे बड़ा कारण मांग है। चीन में चांदी की मांग दुनिया के कई देशों की तुलना में कहीं अधिक है। यहां चांदी का इस्तेमाल सिर्फ गहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश और औद्योगिक जरूरतों के लिए भी बड़े पैमाने पर किया जाता है। जब वैश्विक स्तर पर चांदी की आपूर्ति घट रही है, तब चीन में निवेश के लिए इसकी मांग और तेजी से बढ़ गई है।

वैश्विक आपूर्ति में चीन की बड़ी भूमिका

दुनिया की कुल चांदी आपूर्ति में चीन की हिस्सेदारी 65 प्रतिशत से अधिक मानी जाती है। चीन में चांदी की खरीदारी हाजिर (स्पॉट) और वायदा (फ्यूचर्स) दोनों बाजारों में बड़े स्तर पर होती है। यही वजह है कि जैसे ही बाजार में कमी की आशंका बढ़ती है, वहां कीमतें तेजी से ऊपर चली जाती हैं।

निर्यात नीति में बदलाव का असर

जनवरी की शुरुआत से चीन ने चांदी के निर्यात को लेकर अपनी नीति में बड़ा बदलाव किया है। अब चीन से चांदी का निर्यात केवल वही कंपनियां कर सकती हैं जिन्हें सरकार से विशेष लाइसेंस मिला हो। इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है, जबकि चीन के घरेलू बाजार में कीमतें और ऊपर चली गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी जबरदस्त तेजी

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। कॉमेक्स (COMEX) पर सोमवार को चांदी करीब 8 प्रतिशत की तेजी के साथ 109 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गई। बीते एक महीने में चांदी ने निवेशकों को करीब 42 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। तीन महीने में यह रिटर्न 127 प्रतिशत, छह महीने में 182 प्रतिशत और एक साल में 250 प्रतिशत से ज्यादा हो चुका है।

सोना भी दे रहा शानदार रिटर्न

चांदी के साथ-साथ सोना भी निवेशकों के लिए फायदे का सौदा साबित हो रहा है। कॉमेक्स पर सोने की कीमत करीब 5,125 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर है। बीते एक महीने में सोने ने 13 प्रतिशत, तीन महीने में 23 प्रतिशत, छह महीने में 49 प्रतिशत और एक साल में करीब 84.5 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

निवेशकों की नजरें कीमती धातुओं पर

वैश्विक अनिश्चितता, आपूर्ति की कमी और बढ़ती मांग के चलते निवेशक एक बार फिर सोना और चांदी जैसी कीमती धातुओं की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। यही वजह है कि आने वाले समय में इन धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ ऊंचे स्तर बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article