वायरल न्यूज़

न महंगा पेन, न कोई तोहफा, शिक्षक दिवस पर देसी बच्चों ने गुरुदेव को दिए खीरा, ककड़ी और दूध, देखें Viral Video

Viral Video: शिक्षक दिवस के मौके पर शहर के महंगे बुके और ब्रांडेड पेन से दूर, गांव के सरकारी स्कूल के बच्चों ने अपने 'सर जी' को घर से लाए ताजे खीरे, ककड़ी, नीबू और 1 लीटर दूध उपहार में दिए।

Image

शिक्षक को मिला अनोखा उपहार (तस्वीर साभार- @pathshalagurug)

Viral Video: शिक्षक दिवस (Teachers Day) का मौका हो तो आमतौर पर ग्रीटिंग कार्ड्स, महंगे पेन, बुके या फैंसी गिफ्ट्स की तस्वीरें और वीडियो सामने आते हैं। लेकिन, भारत के ग्रामीण इलाकों में गुरु और शिष्य का रिश्ता आज भी उतना ही पवित्र, निश्छल और सादगी से भरा है, जितना सदियों पहले हुआ करता था। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही बेहद प्यारा और भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जो हर किसी के चेहरे पर मुस्कान और आंखों में नमी ला रहा है। इतना ही नहीं इस वीडियो को लोग बार-बार देख रहे हैं और तारीफ भी कर रहे हैं।

    वायरल हो रहे इस वीडियो में सरकारी स्कूल के मासूम बच्चे अपने पसंदीदा टीचर को शिक्षक दिवस पर जो उपहार देते हैं, उसकी तुलना दुनिया के किसी भी महंगे तोहफे से नहीं की जा सकती। वीडियो में देखा जा सकता है कि कक्षा में ब्लैकबोर्ड पर रंग-बिरंगी खली से 'Happy Teacher's Day' का सुंदर डिजाइन बना हुआ है। टेबल के सामने फूलों की माला पहने शिक्षक मुस्कुराते हुए बैठे हैं। सबसे पहले एक नन्हीं छात्रा आगे आती है और बहुत ही प्यार से अपने गुरु जी को ताजे खीरे भेंट करती है। इसके तुरंत बाद एक दूसरी छात्रा आती है, जिसके हाथ में कोई महंगा गिफ्ट नहीं बल्कि 1 लीटर दूध से भरी हुई प्लास्टिक की बोतल होती है। सर जी भी बच्चों के इस मासूम अंदाज पर मुस्कुराते हुए पूरे आदर के साथ उस दूध की बोतल को स्वीकार करते हैं। तीसरी छात्रा अपनी पॉलीथिन से निकालकर ताजे हरे नीबू और ककड़ी टेबल पर रख देती है। एक-एक करके बच्चे आते हैं और अपने खेत या घर के ताजे खीरे, ककड़ी और हरी सब्जियां टेबल पर सजा देते हैं। देखें वीडियो...

    शिक्षक को अनोखा तोहफा

    बच्चों द्वारा दिए गए इन तोहफों में कोई दिखावा नहीं था, बल्कि उनके परिवार की कड़ी मेहनत, सादगी और अपने शिक्षक के प्रति अगाध श्रद्धा व प्रेम छुपा था। बच्चों का यह निश्छल प्यार देखकर शिक्षक भी बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने न केवल हर बच्चे का उपहार हाथ जोड़कर स्वीकार किया, बल्कि ताजे नीबू की खुशबू से भरे बैग को अपने सिर से लगाकर उनका आभार व्यक्त किया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को pathshalagurug नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों की संख्या में लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि इस वीडियो ने मेरा दिल छू लिया। बच्चों के पास जो था, उन्होंने वही अपने सर जी को दे दिया। इसमें रत्ती भर भी दिखावा नहीं है। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि शहर के लाखों रुपये के गिफ्ट्स भी बच्चों के इस दूध और खीरे वाले प्यार के आगे फेल हैं। शिक्षक के लिए इससे बड़ा सम्मान कोई नहीं हो सकता। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article