शहर

Bihar Flood News: 12 जिलों में बाढ़ का कहर, आज भी 9 जिलों में बारिश की चेतावनी

Bihar Rain and Flood News Today: बिहार में गंगा, कोसी सहित कई नदियों के उफान से राज्य के 12 जिलों में 22.42 लाख लोग बुरी तरह से प्रभावित हैं। आज भी 9 जिलों में बारिश का अलर्ट है।

Image

बाढ़ से बेहाल बिहार में आज भी बारिश का अलर्ट

Bihar Rain and Flood News Today: बिहार में बाढ़ से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और बागमती नदियों में जबरदस्त उफान देखने को मिल रहा है। राज्य में 12 जिलों के 70 प्रखंडों की 368 पंचायतों में लगभघ 22.42 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अलग-अलग जिलों में बाढ़ के पानी में डूबने से अब तक 20 लोगों की मौत की खबर है। राहत और बचाव अभियान के लिए NDRF की 10 और SDRF की 27 टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात की गई हैं। 1429 नावों से राहत व बचाव कार्य किया जा रहा है।

राजधानी पटना में तो गंगा ने नया रिकॉर्ड बना डाला है। गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 50.57 मीटर तक पहुंच गया, जो 2016 में दर्ज 50.52 मीटर के रिकॉर्ड से ज्यादा है। नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण पटना सिटी के कई मोहल्लों में बाढ़ का पानी घुस गया है। हथिदह में भी गंगा का जलस्तर 2021 के रिकॉर्ड 43.52 मीटर तक पहुंच गया।

मही नदी का तटबंध भी टूटा

पुनपुन, दरधा और महत्माइन नदियों के दबाव से पटना जिले में कई तटबंध क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। छपरा के दरियापुर में मही नदी का तटबंध लगभग 20 फीट टूटने से कई गांवों में पानी भर गया है। भागलपुर के अकबरनगर में रिंग बांध ओवरफ्लो होने के बाद सुल्तानगंज की नौ पंचायतों के लगभग 4 हजार घर प्रभावित हुए हैं। NH80 पर लगभग दो फीट पानी बह रहा है। समस्तीपुर के मोहनपुर में फोरलेन अंडरपास का एप्रोच पथ भी धंस गया।

कोसी बराज से लगभग 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया

सुपौल में भी कोसी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। आज यानी सोमवार 7 सितंबर को सुबह 8 बजे कोसी बराज से 1 लाख, 96 हजार, 645 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि डाउनस्ट्रीम में 1 लाख, 57 हजार क्यूसेक पानी दर्ज हुआ। इससे निचले इलाकों में खतरा बढ़ गया है।

आज 9 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज बिहार के 9 जिलों में बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चल सकती है और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का भी खतरा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

सामान्य से 35 फीसद कम बारिश, फिर भी ये हालत

पिछले 24 घंटे के दौरान मुंगेर में 73 मिमी, पटना में 68 मिमी, बांका में 67 मिमी और मुजफ्फरपुर में 65 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, राज्य में अब तक 820.9 मिमी के सामान्य के मुकाबले 531.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 35 फीसद तक कम है।

भोजपुर में 9-11 साल के दो बच्चों की मौत

भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने से 9 साल के आर्यन और 11 वर्षीय शिवजी पासवान की मौत से मातम पसर गया। दोनों बच्चे अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।

बाढ़ में फंस गए पप्पू यादव

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव बड़हरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे थे। आरा-सरैया मार्ग पर बाढ़ के पानी में उनका काफिला फंस गया। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।

बेगूसराय के बलिया प्रखंड में भी बाढ़ का गंभीर असर देखने को मिल रहा है। पहाड़पुर गांव में अस्पताल, सड़क और स्कूल पानी में डूब गए हैं। जिले में बाढ़ के कारण 87 स्कूल बंद किए गए हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article