वायरल न्यूज़

इस गद्दे को बनाने में इस्तेमाल होते हैं घोड़े की पूंछ के बाल, सोने के लिए खर्च करने पड़ेंगे करोड़ों रुपए

दुनिया के सबसे महंगे गद्दों में शामिल इस गद्दे की कीमत करोड़ों रुपए है। जिसे बनाने के लिए घोड़े की पूंछ के बालों का इस्तेमाल किया जाता है।

Image

यह गद्दा 25 साल की वारंटी के साथ आता है।

जब भी महंगे सामान की बात होती है तो कार, घर या गहनों का नाम सबसे पहले आता है लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक गद्दे की कीमत भी करोड़ों रुपये हो सकती है? स्वीडन की लग्जरी कंपनी हैस्टेन्स (Hastens) ऐसा ही एक बेहद महंगा गद्दा बनाती है, जिसकी कीमत इतनी है कि इस कीमत में आप एक शानदार बंगला या फिर कुछ लग्जरी गाड़ियां भी खरीद सकते हैं। इस गद्दे की कीमत सुनकर आपको अपने कानों पर यकीन नहीं होगा और आप इस सोच में पड़ जाएंगे कि भला इतना भी महंगा कोई गद्दा हो सकता है क्या?

कितनी है इस गद्दे की कीमत

इस गद्दे को बनाने वाली कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट के अनुसार, इस गद्दे का नाम ग्रैंड विविडस (Grand Vividus) है। इसकी कीमत करीब €656,990 है। आज की तारीख में अगर रुपए की बात करें तो इस गद्दे की कीमत 7 करोड़ 20 लाख 96 हजार 111 रुपए बैठेगी। इस गद्दे वाली कंपनी की शुरुआत साल 1852 में 'पर एडॉल्फ जॉनसन' (Per Adolf Jansson) ने की थी और आज भी इसे उनके परिवार की अगली पीढ़ियां चला रही हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

25 दिन में तैयार होता है गद्दा

ग्रैंड विविडस (Grand Vividus) की सबसे बड़ी खासियत इसे बनाने का तरीका है। इसे मशीनों से बड़े पैमाने पर बनाने के बजाय काफी हद तक हाथ से तैयार किया जाता है। इस एक गद्दे को तैयार करने में करीब 600 घंटे यानी लगभग 25 दिन लग सकते हैं। इस गद्दे में आम सिंथेटिक फोम की जगह घोड़े की पूंछ के बाल, कॉटन, ऊन और फ्लैक्स जैसे प्राकृतिक मटेरियल इस्तेमाल किए जाते हैं।

Hastens Grand Vividus Premium Bed

इस गद्दे के अंदर भरा जाता है घोड़े की पूंछ के बाल (Photo Credit - Hastens Official Website)

घोड़े के बाल करते हैं स्प्रिंग का काम

गद्दे में इस्तेमाल होने वाले घोड़े के बालों को खास तरीके से घुमावदार आकार दिया जाता है। ये बाल अंदर एक तरह के नैचुरल स्प्रिंग की तरह काम करते हैं। दावा है कि इससे शरीर को अच्छा सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा घोड़े के बाल हवा के आने-जाने में भी मदद करते हैं। इससे गद्दे के अंदर नमी कम रहने में मदद मिलती है। कॉटन मजबूती देता है, ऊन टिकाऊपन बढ़ाता है और फ्लैक्स का भी खास इस्तेमाल किया जाता है।

455 किलो है पूरे बेड सेट का वजन

यह सिर्फ महंगा ही नहीं, बल्कि काफी भारी भी है। कंपनी के अनुसार 180×210 सेंटीमीटर के पूरे बेड सेट का वजन करीब 455 किलो है। इसकी ऊंचाई करीब 75 सेंटीमीटर बताई गई है। कंपनी इस बेड पर 25 साल की वारंटी भी देती है। इसके डिजाइन और हाथ से तैयार करने की प्रक्रिया की वजह से इसे लग्जरी बेड की कैटेगरी में रखा जाता है।

Hastens Grand Vividus Bed

लग्जरी और दुनिया के सबसे महंगे गद्दों में शामिल (Photo Credit - Hastens Official Website)

क्या भारत में बिकता है यह गद्दा

इस लग्जरी कंपनी की मौजूदगी भारत में भी है। दिल्ली और मुंबई समेत देश में इसके कई स्टोर हैं, जहां ग्राहक इसके प्रीमियम बेड और स्लीप कंसल्टेशन के बारे में जानकारी ले सकते हैं। यानी जिस गद्दे पर सोने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं, उसकी खासियत सिर्फ कीमत नहीं बल्कि उसे बनाने में लगने वाली मेहनत और प्राकृतिक सामग्री भी है। आम आदमी के लिए यह कीमत भले ही चौंकाने वाली हो, लेकिन लग्जरी दुनिया में नींद का भी अपना एक अलग लेवल है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article