ऑनलाइन शॉपिंग (Online Shopping) करते समय आपने Open Box Delivery का नाम जरूर सुना होगा। खासकर मोबाइल, लैपटॉप, टीवी, फ्रिज जैसे महंगे सामान की ऑनलाइन खरीदारी में यह सुविधा काफी काम की हो सकती है। लेकिन बहुत से लोग ओपन बॉक्स डिलीवरी का मतलब ठीक से समझ नहीं पाते और बाद में अपना ही नुकसान करवा बैठते हैं। आइए जानते हैं ओपन बॉक्स डिलीवरी का क्या मतलब होता है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है-
क्या होती है Open Box Delivery?
ओपन बॉक्स डिलीवरी का मतलब है कि डिलीवरी के समय ग्राहक के सामने ही डिलीवरी एजेंट सामान को खोलकर दिखाए। ग्राहक पैकेट खोलकर यह देख सकता है कि उसका ऑर्डर किया गया सामान ही आया है या नहीं और सामान बाहर से सही स्थिति में है या नहीं। आमतौर पर इसका उद्देश्य पैकेज और प्रोडक्ट की शुरुआती जांच करना होता है।
उदाहरण के लिए अगर आपने ऑनलाइन स्मार्टफोन खरीदा है और आपके ऑर्डर पर Open Box Delivery उपलब्ध है तो डिलीवरी एजेंट आपके सामने बॉक्स खोल सकता है। आप फोन का मॉडल, कलर और दूसरी जरूरी चीजें चेक कर सकते हैं। साथ ही यह भी देखा जा सकता है कि फोन या पैकेज में कोई टूट-फूट या नुकसान तो नहीं है।
सामान लेते समय सबसे पहले क्या चेक करें?
ओपन बॉक्स डिलीवरी में सबसे पहले यह देखना चाहिए कि पैकेज पर लगा सील या पैकिंग बहुत ज्यादा डैमेज तो नहीं है। अगर पैकेज फटा हुआ है या उस पर किसी तरह की छेड़छाड़ के निशान दिखाई दे रहे हैं तो तुरंत डिलीवरी एजेंट को इसकी जानकारी दें।
इसके बाद बॉक्स खुलने पर प्रोडक्ट का मॉडल, रंग और वेरिएंट अपने ऑर्डर से मिलाएं। उदाहरण के लिए आपने 256GB वाला फोन ऑर्डर किया है तो यह जरूर देखें कि वही वेरिएंट मिला है या नहीं।
बॉक्स खुलने के बाद सामान को ध्यान से देखें। मोबाइल या लैपटॉप है तो स्क्रीन और बॉडी पर खरोंच, डेंट या टूट-फूट जैसी चीजें चेक करें। टीवी या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान में भी बाहर से दिखाई देने वाली किसी क्षति को नजरअंदाज न करें।
इसके अलावा, बॉक्स में मिलने वाली जरूरी एक्सेसरीज भी देख लें। जैसे फोन के साथ चार्जिंग केबल, एडाप्टर या दूसरी चीजें दी जानी हैं तो वे मौजूद हैं या नहीं।
OTP देने में जल्दबाजी न करें
ओपन बॉक्स डिलीवरी को लेकर एक सबसे जरूरी बात जो आपको ध्यान में रखनी है वह ओटीपी देने को लेकर है। बिना सामान चेक किए डिलीवरी पूरी करने की जल्दबाजी न करें।
Unboxing का वीडियो बनाएं
महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान की डिलीवरी लेते समय अपने फोन से अनबॉक्सिंग का वीडियो रिकॉर्ड करना भी एक अच्छी सावधानी हो सकती है। कोशिश करें कि वीडियो में पैकेज की स्थिति, बॉक्स खोलने की प्रक्रिया और प्रोडक्ट की स्थिति साफ दिखाई दे। भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में यह रिकॉर्ड आपके लिए काम का साबित होगा।
