बिजनेस

Debit Card hotlisting बचाएगा Bank में रखा पैसा! कार्ड चोरी या गुम होने पर तुरंत करें ये काम

What is Debit Card Hotlisting: आज के डिजिटल दौर में हमारा डेबिट कार्ड हमारे बैंक अकाउंट की चाबी है। लेकिन अगर यह चाबी ही किसी गलत हाथ में लग जाए तो मिनटों में अकाउंट खाली हो सकता है।

Image

Debit Card Hotlisting (Photo: iStock)

What is Debit Card Hotlisting: अगर डेबिट कार्ड (Debit Card) खो जाता है या बैंक अकाउंट में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखती है तो यह किसी भी व्यक्ति के लिए एक बड़ा चिंता का विषय हो सकता है। ऐसे में अकाउंट में रखे पैसों को सुरक्षित रखने के डेबिट कार्ड हॉटलिस्टिंग सबसे जरूरी कदम माना जाता है। Debit Card hotlisting क्या होता है और बैंक में रखे पैसों की सुरक्षा के लिए यह क्यों जरूरी है आइए समझते हैं-

Debit Card hotlisting क्या है

What is Debit Card Hotlisting

Debit Card Hotlisting (AI Generated Image)

Debit Card hotlisting एक सुरक्षा प्रक्रिया है, जिसमें आपका कार्ड तुरंत ब्लॉक कर दिया जाता है ताकि उसका गलत इस्तेमाल न हो सके। चाहे आपका कार्ड खो गया हो, चोरी हो गया हो या उसकी जानकारी लीक हो गई हो, हॉटलिस्टिंग आपको तुरंत सुरक्षा प्रदान करती है। डेबिट कार्ड हॉटलिस्टिंग का मतलब है आप अपने कार्ड को स्थायी रूप से ब्लॉक करवा रहे हैं ताकि कोई भी व्यक्ति उसे इस्तेमाल न कर सके।

डेबिट कार्ड हॉटलिस्ट होने पर क्या होता है?

जब आपका डेबिट कार्ड हॉटलिस्ट हो जाता है, तो वह पूरी तरह निष्क्रिय हो जाता है और किसी भी तरह के लेन-देन के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इसका मतलब है कि आप उससे न तो एटीएम से पैसे निकाल सकते हैं, न ही ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं और न ही दुकानों पर POS मशीन के जरिए भुगतान कर सकते हैं। इस स्थिति में आपका पुराना कार्ड पूरी तरह बंद हो जाता है, इसलिए आपको अपने बैंक से नया डेबिट कार्ड जारी करवाना पड़ता है, जिससे आप दोबारा अपने खाते का इस्तेमाल कर सकें।

डेबिट कार्ड हॉटलिस्टिंग कैसे काम करती है?

जब आप अपने बैंक को कार्ड ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट करते हैं तो बैंक तुरंत उस कार्ड को डिएक्टिवेट (Deactivate) कर देता है। इसके बाद वह कार्ड किसी भी तरह के लेन-देन के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

डेबिट कार्ड हॉटलिस्ट कब करवाना चाहिए?

कुछ ऐसी आम स्थितियां होती हैं, जिनमें आपको बिना देरी किए अपने डेबिट कार्ड को तुरंत हॉटलिस्ट कर देना चाहिए। जैसे अगर आपका कार्ड खो जाए या चोरी हो जाए, ताकि कोई उसका गलत इस्तेमाल न कर सके; या फिर आपके खाते से बिना आपकी अनुमति के पैसे कटने लगें, जो अनधिकृत लेन-देन का संकेत है। इसके अलावा, अगर आपको कार्ड क्लोनिंग का शक हो, यानी किसी ने आपके कार्ड की जानकारी कॉपी कर ली हो, या आप फिशिंग या किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए हों और आपने अपनी डिटेल्स साझा कर दी हों, तब भी तुरंत कार्ड ब्लॉक करना जरूरी हो जाता है। वहीं, अगर आपका PIN या अन्य संवेदनशील जानकारी किसी के पास पहुंच गई हो, तो भी यह कदम आपके अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए बेहद जरूरी है।

डेबिट कार्ड हॉटलिस्ट कैसे करवाएं?

आप अपने डेबिट कार्ड को हॉटलिस्ट करने की रिक्वेस्ट कई आसान तरीकों से कर सकते हैं। इसके लिए आप अपने बैंक के मोबाइल बैंकिंग ऐप में लॉग-इन कर “ब्लॉक कार्ड” या “हॉटलिस्ट” विकल्प चुन सकते हैं, या फिर इंटरनेट बैंकिंग के जरिए भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा, आप बैंक के कस्टमर केयर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके अपनी पहचान सत्यापित करने के बाद कार्ड ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट कर सकते हैं। अगर आप ऑनलाइन तरीके इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो नजदीकी बैंक शाखा में जाकर भी आवेदन देकर अपने कार्ड को हॉटलिस्ट करवा सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैंक आपको नया डेबिट कार्ड जारी करता है, जिसमें नई डिटेल्स और सिक्योरिटी फीचर्स होते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article